मनीमाजरा। कालका हाईवे पर स्थित एनएसी शोरूम में बने शराब ठेके का ताला तोड़कर चोरी कर ली गई। घटना सोमवार अल सुबह करीब साढ़े तीन बजे की है। पूरी वारदात ठेके के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हुई है, जिसमें स्कूटी पर सवार होकर आए तीन चोर चोरी करते दिखाई दे रहे हैं। ठेका मालिक की शिकायत पर पुलिस ने तीनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाना मनीमजरा में शिकायत दे दी गई है।
ठेका मालिक सन्नी शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन चोर सोमवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे स्कूटी पर सवार हो कर आए थे, इसके बाद उन्होंने ठेका के शटर का ताला तोड़कर घटना को अंजाम दिया है। ठेका से चार पेटी शराब, 35 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन चुरा कर फरार हो गए हैं।
शहर की सबसे बड़ी मार्केट में ठेका का ताला तोड़कर चोरी होने की घटना के बाद इलाके के अन्य दुकानदारों और शोरूम संचालकों में भय का माहौल पैदा हो गया है। ठेका मालिक व अन्य लोगों ने रात को पुलिस गश्त की मांग की है। वहीं उन्होंने पुलिस से मांग की है कि यह इस तरह की घटना को अंजाम देने के बाद हाईवे से भागना आसान है। इस लिए ढिल्लो बैरियर पर भी मजबूत नाकाबंदी करनी चाहिए।