चंडीगढ़। सचिव पद से रिटायर्ड एक आईएएस अफसर की स्विफ्ट डिजायर कार का शीशा तोड़कर चोरों ने आईफोन-8 प्लस मोबाइल फोन उड़ा लिया। वारदात सेक्टर-10 स्थित पेट्रोल पंप की पार्किंग की है। चोरों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब रिटायर्ड आईएएस अफसर अपने परिवार के साथ सैर करने गए थे। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रिटायर्ड आईएएस जीएस संधू बताया कि वह सेक्टर-16 में रहते हैं और बीते मंगलवार को सुबह परिवार समेत सेक्टर-10 स्थित लेजर वैली पार्क में सैर करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी स्विफ्ट डिजायर कार (सीएच01एजी 8790) को सेक्टर-10 स्थित पेट्रोल पंप की पार्किंग में पार्क की थी। करीब एक घंटे बाद जब सैर करने के बाद वह परिवार के साथ पार्किंग में लौटे तो कार का शीशा टूटा हुआ था। चेक करने पर अंदर डैशबोर्ड में रखा आईफोन-8 प्लस मोबाइल फोन और कुछ जरूरी कागजात गायब थे। शोरशराबे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पर सेक्टर-3 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।