चंडीगढ़। सेक्टर-19 स्थित पालिका बाजार के पास उस समय हंगामा शुरू हो गया जब ट्रैफिक मार्शल एमएम खान के होंडा सिटी कार का ट्रैफिक पुलिस ने चालान काट दिया। एमएम खान ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक पुलिस के एएसआई गुरचेतन पाल सिंह ने पहले उनके साथ गलत दुर्व्यवहार किया और फिर उनके कार का चालान काट दिया। मामला इस कदर बिगड़ा कि मार्शल एमएम खान ने ट्रैफिक एडमिन डीएसपी केवल कृष्ण को इसकी लिखित में शिकायत दे दी।
एमएम खान ने बताया कि वह काफी समय से चंडीगढ़ में ट्रैफिक मार्शल हैं। बुधवार को वह सेक्टर-19 स्थित सदर बाजार में किसी काम से आए थे। उनकी होंडा सिटी कार नंबर (सीएच01 एटी9749) मार्केट के सामने वाली रोड पर खड़ी थी। इस दौरान पीछे ट्रैफिक पुलिसकर्मी आए कार हटाने को कहा। एमएम खान का आरोप है कि जैसे ही वह अपनी कार आगे करने लगे ट्रैफिक एएसआई गुरचेतन पाल सिंह ने कार की बोनट जोरदार हाथ मारकर उस पर चालान बुक दे मारा। इसके बाद जब कार से नीचे उतरे तो एएसआई ने उनसे दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। एमएम खान का कहना है कि जब ट्रैफिक मार्शल से इतने दुर्व्यवहार से बातचीत की जाती है तो आम जनता का क्या होता होगा। उनके दुर्व्यवहार से परेशान होकर एमएम खान ने मामले की शिकायत डीएसपी एडमिन से कर दी।