सारंगपुर थाना पुलिस की गिरफ्त में चोर।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। सारंगपुर थाना पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान बंद पड़े मकानों का ताला तोड़ चोरी करने वाले दो चोरों समेत चोरी के गहने खरीदने वाले दो ज्वेलर्स को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से आभूषण, दो एलइडी, सात सिलिंडर, पांच बाइक और एक कैमरा बरामद किया है।
सारंगपुर थाना पुलिस ने धनास के स्मॉल फ्लैट निवासी बब्लू उर्फ गोरिल्ला (20), इजहार उर्फ दादी (20) और ज्वेलर्स कृपा शंकर (27) और राजन (27) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में धनास के स्मॉल फ्लैट निवासी को सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि वह बीते 21 मार्च को परिवार के साथ मोहाली स्थित अपने रिश्तेदार के घर चले गए थे। 20 अप्रैल को पड़ोसियों ने फोन पर बताया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। घर पहुंच कर उन्होंने देखा कि सोने, चांदी के आभूषण, कैमरा, मोबाइल समेत अन्य सामान चोरी हुआ है।
वहीं दूसरे मामले में स्थानीय निवासी गुड्डू ने पुलिस को बताया कि बीते 15 मार्च से वह सेक्टर 26 स्थित अपनी दुकान पर काम कर वहीं रहने लगा। इस दौरान पत्नी मायके चली गई। बीते 7 जून जब घर वापस लौटा तो घर में चोरी हुई थी। शिकायत के आधार पर सेंट्रल डीएसपी कृष्ण कुमार की अगुवाई में सारंगपुर थाना प्रभारी रामरतन शर्मा की गुप्त सूचना पर टीम ने धनास स्थित गवर्नमेंट मॉडल स्कूल के पास से बब्लू और इजहार को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने कई चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।
चोरी कर ज्वेलर्स को बेचते थे आभूषण
पूछताछ में चोरों बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद चोरी के आभूषण स्थानीय निवासी ज्वेलर्स राजन और कृपाशंकर को बेचते थे। जिसके बाद पुलिस ने उन दोनों ज्वेलर्स को भी गिरफ्तार कर उनसे चोरी के गहने बरामद किए। बुधवार पुलिस ने दोनों ज्वेलर्स को जिला अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जबकि चोरों का दो 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।