फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक्सिप्स स्कूल के खिलाफ 184 पैरेंट्स ने दी शिकायत

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। अजीत करम सिंह इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल सेक्टर-45 चंडीगढ़ के खिलाफ फीस के मुद्दे को लेकर 184 अभिभावकों ने फीस रेगुलेटरी अथॉरिटी में शिकायत दी है। अभिभावकों ने बुधवार को हस्ताक्षर कर संयुक्त रूप से शिकायत पत्र दिया। इस दौरान कुछ अभिभावकों ने सेक्टर-9 स्थित दफ्तर में शिक्षा निदेशक से मिलने की मांग की, लेकिन उन्हें जवाब मिला कि कोरोना से बचाव के चलते निदेशक नहीं मिल सकते। इसके बाद अभिभावकों को निदेशक के पीए को ही शिकायत पत्र सौंपना पड़ा।
विज्ञापन

अभिभावकों ने शिकायत पत्र में लिखा है कि प्रशासन की ओर से 3 जून को सभी प्राइवेट स्कूलों को सिर्फ ट्यूशन फीस लेने का निर्देश जारी किया गया था। इसके बावजूद स्कूल परिजनों से फीस बढ़ाकर वसूल कर रहा है। एक्सिप्स स्कूल 2017-18, 2018-19, 2019-20 , 2020-21 के सेशन में लगातार स्कूल फीस बढ़ाता आ रहा है। यहां पढ़ने वाले ज्यादातर बच्चों के अभिभावक मिडिल क्लास परिवार से संबंध रखते हैं। वहीं, लॉकडाउन के दौरान प्राइवेट सेक्टर में काम कर रहे आधे लोगों की नौकरी चली गई है, जिनको नौकरी से नहीं निकाला गया है, उन्हें कंपनी की तरफ से तनख्वाह नहीं दी जा रही है। सरकार की ओर से इन अभिभावकों को राहत देने का कोई फैसला नहीं लिया गया।
अभिभावकों के स्कूल फीस के अलावा मकान का किराया, ईएमआई व अन्य खर्चे भी हैं। वहीं, स्कूल भी अतिरिक्त बोझ डाल रहा है। इन सब मांगों को लेकर परिजनों ने शिकायत सौंपने के बाद एक्सिप्स स्कूल-45 के बाहर प्रदर्शन भी किया। इस दौरान पुलिस की मदद से सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखा गया।
विज्ञापन

कोट्स
अभिभावकों से पिछले सेशन के अनुसार ही फीस ले रहे हैं। अभी तक प्रशासन के आदेश के अनुसार ही चल रहे हैं। अभिभावकों से कहा है कि आप अगर फीस नहीं दे सकते तो लिखित में अपनी समस्या बताएं, स्कूल प्रशासन उनकी सुनवाई करेगा।
-जसमिंदर कालरा, प्रिंसिपल, एक्सिप्स-45
शहर से बाहर हूं। स्कूल गार्ड ने बताया कि कुछ अभिभावकों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया है। इतनी ही जानकारी है कि अभिभावक नो स्कूल नो फीस की मांग कर रहे हैं। उनकी तरफ से बुधवार को गार्ड को शिकायत पत्र दिया गया है। हम उस पर बैठक करेंगे।
-वीणा अरोड़ा, प्रिंसिपल, शिशु निकेतन- 43
शिशु निकेतन के बाहर परिजनों ने किया प्रदर्शन
सेक्टर-43 स्थित शिशु निकेतन स्कूल के बाहर भी अभिभावकों ने फीस को लेकर मनमानी पर प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने कहा कि पहले ही लॉकडाउन के कारण हमारा कामकाज बंद हो गया है। अब ऊपर से स्कूल की तरफ से फीस को लेकर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। आर्थिक संकट में हम नया काम ढूंढें या स्कूलों की मनमानी को लेकर प्रदर्शन करें। शिक्षा विभाग भी शिकायतों को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
शिक्षा जानबूझकर कार्रवाई नहीं कर रहा
चंडीगढ़ पैरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नितिन गोयल ने कहा कि परिजन लगातार स्कूलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। स्कूल परिजनों को 15 जून से पहले पूरी फीस जमा करने के लिए दबाव बना रहे हैं। एक तरफ शिक्षा विभाग है, जो लगातार शिकायतों के बाद प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ कोई एक्शन लेने को तैयार नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें