युवकों ने कहा कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ है। शाकाहारी भोजन में मांस परोसना न सिर्फ असंवेदनशीलता है, बल्कि इससे लोगों की भावनाएं आहत होती हैं।
चंडीगढ़ सेक्टर-11 स्थित शराब के ठेके के अहाता में एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। शहर के चार युवक जब अहाते में बैठकर खाना खा रहे थे, तो उन्होंने पनीर टिक्का ऑर्डर किया लेकिन जब डिश परोसी गई तो उसमें चिकन के टुकड़े मिले हुए थे। शाकाहारी युवकों ने जब इसका विरोध किया और कर्मचारियों से पूछताछ की, तो उल्टा उनके साथ ही बदतमीजी की गई।
विज्ञापन
युवकों ने अहाता मैनेजर को बुलाने की मांग की लेकिन मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। उल्टा युवकों को ही चुप कराने की कोशिश की गई और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इस घटना से नाराज युवकों ने मामले की जानकारी यूटी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को देने की बात कही है।
युवकों ने कहा कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ है। शाकाहारी भोजन में मांस परोसना न सिर्फ असंवेदनशीलता है, बल्कि इससे लोगों की भावनाएं आहत होती हैं। युवकों ने बताया कि वहां मौजूद कई लोगों ने कहा कि इस आहाते में पहले भी ऐसी शिकायतें मिल चुकी हैं, लेकिन एक्साइज विभाग या खाद्य विभाग कोई कार्रवाई नहीं करता। युवकों का कहना है कि वे इसकी शिकायत लिखित रूप में देंगे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।