चंडीगढ़। सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस पर होने वाले समारोह में शामिल होने के लिए सभी को थर्मल स्क्रीनिंग से गुजरना होगा। वीरवार को डीसी मनदीप सिंह बराड़ ने एसडीएम व अन्य अधिकारियों के साथ यूटी गेस्ट हाउस में 26 जनवरी की तैयारियों को लेकर एक समीक्षा बैठक की।
बैठक में यह तय हुआ कि कार्यक्रम के दौरान हर व्यक्ति को मास्क लगाना होगा और उसके शरीर के तापमान की जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी। डीसी मनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि 26 जनवरी को कार्यक्रम स्थल पर सबसे पहले मुख्य अतिथि की ओर से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस के जवानों की ओर से मार्च पास्ट होगा। कार्यक्रम में 33 फीसदी लोगों को ही शामिल होने की अनुमति मिलेगी। इस दौरान स्कूली बच्चों को आमंत्रित नहीं किया जाएगा, न ही कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि विभागों की तरफ से मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग व कोरोना वायरस के दिशा-निर्देश का सख्ती से पालन करना होगा। यह नियम लोगों के साथ अधिकारियों पर भी समान रूप से लागू होंगे। बैठक में एडीसी केपीएस माही व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।