15 अगस्त के बाद आ सकती है तबादला सूची
चंडीगढ़। हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल हो सकता है। इनमें कई जिलों के डीसी और एसपी प्रदेश सरकार के रडार पर हैं। साथ ही कई प्रशासनिक सचिव, बोर्ड और निगमों के निदेशकों के साथ-साथ कई विभागाध्यक्ष भी बदले जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की सूची तैयार कर रहे हैं। उधर, मनचाहे स्टेशन के लिए अधिकारी लॉबिंग भी कर रहे हैं।
हालांकि, इससे पहले भी हरियाणा सरकार कई जिलों के डीसी और एसपी को इधर-उधर कर चुकी है, लेकिन तबादलों का अधिक असर नहीं दिखा। पिछली बार किए गए तबादलों में केवल डीसी-एसपी के जिले बदले गए थे, जबकि सरकार की मंशा थी कि खराब प्रदर्शन वाले अधिकारियों को खुड्डे लाइन करके अच्छे अधिकारियों को जिलों की कमान सौंपी जाए। अब जो नई सूची तैयार हो रही है, उसमें भाजपा के विधायकों, मंत्रियों से लेकर जिलाध्यक्षों तक की राय ली जा रही है। अक्सर इस बात को लेकर आरोप लगते रहे हैं कि हरियाणा में अफसरशाही हावी है और अधिकारी नेताओं के काम करना तो दूर बात तक नहीं सुनते हैं। अब सभी जिलों में एसपी और डीसी 15 अगस्त की तैयारियां में लगे हैं। सीएमओ के सूत्रों का दावा है कि 15 अगस्त के बाद एक और बड़ी तबादला सूची जारी हो सकती है।