मनीमाजरा। लाखों की आबादी वाला क्षेत्र मनीमाजरा में एक अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने के लिए स्थानीय लोगों का प्रतिनिधिमंडल सांसद मनीष तिवारी से मिला। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत ढिल्लो के नेतृत्व में ट्राॅमा सेंटर बनाने के लिए मांग पत्र सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव गाबा, मनप्रीत सेठी, गगनदीप बराड़, रमनदीप सिंह साहनी, साहिल भंडारी, डा. हरबंस सिंह ग्रेवाल, मान सिंह और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के महासचिव बलदीप सिंह लक्की शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद तिवारी को अवगत कराया कि मनीमाजरा चंडीगढ़-शिमला हाईवे से जुड़ा हुआ है और यहां सड़क दुर्घटनाओं सहित विभिन्न आपातकालीन चिकित्सा स्थितियां अक्सर सामने आती हैं। वर्तमान में गंभीर रूप से घायल मरीजों को सेक्टर-32 अस्पताल या पीजीआई भेजा जाता है जिससे इलाज में देरी होती है और मरीजों की जान को खतरा बढ़ जाता है। ट्रॉमा सेंटर बनने से न केवल मनीमाजरा बल्कि हिमाचल प्रदेश के मरीजों को भी फायदा होगा, क्योंकि उन्हें पीजीआई या सेक्टर-32 अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और यहीं उपचार मिल सकेगा।
उपयुक्त स्थान पर ट्रॉमा सेंटर बनाने का सुझाव
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत ढिल्लो ने कहा कि मनीमाजरा अस्पताल के सामने, नगर निगम कार्यालय के पास खाली भूमि उपलब्ध है। यह ट्रॉमा सेंटर के लिए आदर्श स्थान हो सकता है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव गाबा ने कहा सांसद से आग्रह किया कि वे इस मांग को केंद्र सरकार के समक्ष रखें और जल्द से जल्द ट्रॉमा सेंटर स्थापित करवाने में सहायता करें। उन्होंने बताया कि सांसद तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे इस मांग को गंभीरता से लेंगे और केंद्र सरकार से इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आग्रह करेंगे।