फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: नयागांव में विकास की जगी उम्मीद, मंत्री ने सात दिन में मांगी रिपोर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
नयागांव। इलाके की समस्याओं को लेकर कैबिनेट मंत्री और हलका विधायक अनमोल गगन मान चिंतित है। उन्होंने सेक्टर-38 स्थित टूरिज्म भवन में नयागांव के विकास को लेकर एक बैठक बुलाई थी। इसमें खरड़ के एसडीएम, राजस्व, बिजली, सीवरेज और जल स्रोत के उच्चाधिकारियों के साथ-साथ नगर परिषद के पार्षदों और अधिकारियों को बुलाया गया था। इसमें उन्होंने इलाके में टूरिज्म प्रोजेक्ट लाने पर विचार किया। वहीं, पार्षदों और अफसरों से बात कर जनता के हक में काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने 12 दिन बाद दोबारा बैठक करने की बात भी कही। इस दौरान नयागांव के विकास को लेकर बिंदुवार चर्चा हुई। इस दौरान उन्होंने एसडीएम खरड़, नगर परिषद नयागांव और राजस्व विभाग के अधिकारियों को हिदायत की कि इलाके में लोगों को घर बनाने के बाद बिजली-पानी के कनेक्शन लेने में काफी दिक्कत आती है क्योंकि विभिन्न विभाग उनसे कनेक्शन देने के लिए परिषद की एनओसी मांगते हैं जबकि परिषद के अधिकारी अधिकतर इलाकों में एनओसी जारी नहीं करती है जिसका कारण परिषद अवैध जमीन पर किए निर्माण को बताती है। इस पर पार्षदों की ओर से कहा गया कि परिषद के कार्यकारी अधिकारी लोगों को गुमराह कर रहे हैं जबकि नयागांव में कोई भी शामलात जमीन है। इस पर मंत्री ने लोगों की समस्या को देखते हुए कार्यकारी अधिकारी समेत संबंधित अफसरों को परिषद के अधीन आने वाले इलाके की एक हफ्ते में निशानदेही कर रिपोर्ट पेश करने को कहा है ताकि वह सरकार से बात कर लोगों को जल्द राहत दिला सके। वहीं गांव नाडा की 1200 कनाल जमीन की जल्द निशानदेही कर उसका कब्जा लेने की कार्रवाई को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में खरड़ के एसडीएम रविन्दर सिंह, नगर परिषद नयागांव की प्रधान बलविन्दर कौर, ईओ भूपिन्दर सिंह और नयागांव नगर परिषद के पार्षद उपस्थित थे।
विज्ञापन






बिजली विभाग पर पैसे लेकर कनेक्शन देने के लगे आरोप

बैठक में वार्ड नंबर चार के पार्षद बच्चन सिंह ने कहा कि बिजली विभाग के कुछ मुलाजिम पैसे लेकर लोगों से सुबह फाइल लेकर शाम को कनेक्शन लगा देते हैं। इसके एवज में 70 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक वसूले जाते हैं। इस पर बैठक में मौजूद बिजली विभाग के अधिकारियों से मंत्री ने मौके पर ही स्पष्टीकरण मांगा। इस पर उन्होंने पिछले दो महीने से बिना एनओसी के कनेक्शन जारी नहीं किया है। इस पर मंत्री ने बिजली विभाग को हिदायत दी कि बीते दो महीनों में जारी किए गए बिजली कनेक्शन संबंधी प्राप्त एनओसी की कॉपियां नयागांव के कार्यकारी अधिकारी से साझा करे ताकि पता चल सके कि यह सही हैं या फर्जी। उन्होंने इलाके में लटकते बिजली के तार और लोड संबंधी दिक्कतों और तकनीकी स्टाफ की कमी पूरा करने को कहा। पार्षदों को अपने-अपने वार्डों में बिजली के खंभे लगाने के लिए जगह मुहैया कराने को कहा ताकि बिजली के लटकते तारों की समस्या दूर हो सके।



पार्षदों की मांग- मंत्री अपनी देखरेख में करवाएं इलाके का विकास

इलाके के विकास के बारे में जब चर्चा हुई तो सभी पार्षदों ने एकमत होकर कहा कि इलाके में विकास के कार्य मंत्री अपनी देखरेख में करवाएं और महीने में कम से कम एक बार समय निकालकर विकास कार्यों के संबंध में अफसरों संग बैठक कर जानकारी जरूर लें। इस पर मंत्री मान ने परिषद के अफसरों को प्रस्ताव बनाकर परिषद का दफ्तर बनाने की योजना सरकार को भेजने और नक्शे पास करने को कहा ताकि वहां उनका कार्यालय हो और समय-समय पर वह वहां बैठकर काम कर सकें। मंत्री ने कहा कि जब तक नयागांव में उनका दफ्तर नहीं बन जाता तब तक कैमरे लगवाए जाएं ताकि वह उससे वहां हो रहे पर काम नजर रख सकें।
विज्ञापन






एसटीपी को लेकर गंभीर नजर आईं मंत्री मान

बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री मान ने हर हाल में एसटीपी लगाने के लिए जोर देते हुए कहा कि नयागांव की बढ़ती आबादी को देखते हुए एसटीपी लगाना समय की मांग है। इसके लिए उन्होंने एसडीएम और सीवरेज बोर्ड के अफसरों को तुरंत योजना बनाकर जल्द से जल्द एसटीपी लगाने का काम शुरू करने के निर्देश दिए। इस पर एसडीएम ने बताया कि गांव पड़छ में उनकी ओर से पांच एकड़ जमीन के लिए पंचायत से बात चल रही है। जैसे ही प्रस्ताव डालकर वह जगह उन्हें दी जाती है वैसे ही काम शुरू करवा दिया जाएगा।



घरों से उठेगा कूड़ा, सड़कों पर नहीं दिखेंगे संरक्षित पशु

बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री ने परिषद के अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि इलाके के सभी घरों से कूड़ा-कर्कट एकत्रित करने के लिए एक एजेंसी नियुक्त की जाए। ऐसा करने से पटियाला की राव के किनारे और शहर के चौकों पर लग रहे कूड़े के ढेरों से राहत मिलेगी। इस काम को उन्होंने जल्द करने को कहा। वहीं, उन्होंने कूड़े के हल के लिए वार्डों के पार्षदों को अपने इलाकों में जगह ढूंढने को कहा ताकि वहां पर कूड़े के कंटेनर रखे जा सकें। इसके अलावा उन्होंने इलाके में घूम रहे संरक्षित पशुओं को पकड़कर नाडा गांव में स्थित गोशाला में छोड़ने को कहा ताकि लोगों को संरक्षित पशुओं से निजात मिल सके।



चंडीगढ़ से सटा है इलाका, बन सकता टूरिज्म स्पॉट

मंत्री ने बैठक में कहा कि नयागांव शिवालिक की पहाड़ियों में बसा है और काफी खूबसूरत है। इलाके में काम कर रहे अफसर अगर मिलजुलकर विकास के काम करवाएं तो इलाका चंडीगढ़ को टक्कर दे सकता है क्योंकि यहां पर टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने अफसरों से कहा कि अगर वे इलाके को विकसित करते हैं तो उनका विभाग इलाके में कई टूरिज्म के प्रोजेक्ट लाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें