कैथल। कपड़ा खरीदने के बहाने लेडिज सूट चोरी करने वाले महिला गिरोह की एक सदस्य को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है।
गिरोह में शामिल महिलाएं पहले दुकानदार से सूट दिखाने की बात करती हैं और उसके बाद सूट पसंद न आने का बहाना बनाकर दुकान से कपड़ा चोरी कर ले जाती हैं। महिलाओं को अमरगढ़ गामड़ी में ओमप्रकाश की दुकान से सूट चोरी करना उस समय महंगा पड़ गया जब दुकानदार ने चोरी होने के बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया और आरोपी महिला पुलिस के हत्थे चढ़ गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गत दिवस तीन महिलाएं शाम के समय अमरगढ़ गामड़ी में ओमप्रकाश की दुकान में लेडिज सूट खरीदने आई। ओमप्रकाश ने महिलाओं को कई सूट दिखाए, लेकिन उन्होंने कोई सूट पसंद नहीं किया और चुपके से तीन सूट चुरा लिए।
इसके बाद अरोपी महिलाएं खरीददारी के बारे में नापसंदगी जाहिर करते हुए चली गई। महिलाओं के जाने के बाद दुकानदार ने सूट संभाले तो तीन कीमती सूट गायब मिले। ओमप्रकाश ने तुरंत पुलिस को सूचित कर दिया तथा महिलाओं की तलाश शुरू की गई। दुकानदार व पुलिस ने जींद वासी सरोज को पहचानते हुए पूछताछ के लिए बुलाया। उसके कब्जे से तीन सूट बरामद किए।
अलग अलग दुकानों से चुराए 13 सूट
प्रवक्ता ने बताया फरार होने में कामयाब होने वाली दो महिलाओं की पहचान कृष्णा व तोशी वासी धमतान साहिब के रूप में कर ली गई। तीनों महिलाएं अलग-अलग दुकानों से 13 अन्य सूट चुरा चुकी थी। गिरफ्तार महिला को न्यायालय के 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।