चंडीगढ़। सेक्टर-28/29 में रात को सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घायल व्यक्ति आधा घंटा लहूलुहान सड़क पर गिरा पड़ा रहा लेकिन उसे किसी ने नहीं उठाया। बाद में मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने गंभीर रूप से घायल युवक को सेक्टर 32 अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है जिसमें मौके पर मौजूद एक व्यक्ति का कहना है कि पुलिस समय पर नहीं पहुंची। वीडियो में कहा है कि एंबुलेंस के 10 मिनट में पहुंचने का दावा किया जाता है लेकिन आधा घंटे तक मौके पर नहीं आई। इससे व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस से पूछने पर उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया गया। वीडियो बनाने वाले ने कहा कि जिस जगह पर हादसा हुआ वहां पर लाइटें भी नहीं चल रही थीं। उस शख्स ने कहा कि 25 मिनट देर से पहुंचना यानि कि सीधा मौत को दावा देना है। पुलिस के अनुसार मृतक और वाहन चालक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद हादसे के कारण और जिम्मेदारी स्पष्ट हो।