चंडीगढ़। पुलिस कंट्रोल रूम पर एक शख्स ने फोन कर बोला कि सेक्टर-19 सदर मार्केट में दो हत्या की है। सूचना मिलते ही महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सदर बाजार को खंगालना शुरू कर दिया, लेकिन न तो वहां कॉलर मिला और न ही ऐसी कोई वारदात सामने आई। इसके बाद सेक्टर-19 थाना पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि कॉलर का मोबाइल नंबर तमिलनाडू स्थित एक कंपनी का है। पुलिस ने कंपनी से पूछताछ की, लेकिन अभी तक पता नहीं चल सका कि कॉल किसने की है।
हुआं यूं कि वीरवार दोपहर करीब 1.15 बजे पुलिस कंट्रोल रूम पर एक शख्स ने यह सूचना दी कि उसने दो लोगों को गोली मारकर हत्या की है। सूचना पर पीसीआर और सेक्टर-19 थाना प्रभारी शादी लाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद टीम ने सदर बाजार के लोगाें से पूछताछ की, लेकिन वहां ऐसी कोई वारदात सामने नहीं आई। पुलिस ने जब उस मोबाइल नंबर पर फोन किया तो वह स्विच ऑफ था। वहीं, मामले में पुलिस का कहना है कि छानबीन की जा रही है।