मोहाली। सेक्टर-83 के यूनिवर्सिटी में पेपर देकर बाहर निकले लॉ के तीन छात्रों के वाहनों के शीशे तोड़ने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने एक युवक की इनोवा क्रिस्टा को पंक्चर किया। इसके बाद उस पर कातिलाना हमला करने की कोशिश की। युवक ने पंक्चर गाड़ी में भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद करीब दस हमलावरों ने दो अन्य छात्रों की थार और रूबी कॉन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
लॉ के छात्र राजेश्वर सिंह सिद्धू निवासी श्री मुक्तसर साहिब के बयान पर दस अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रास्ता रोकना, अचानक गंभीर हमला करना, विधि विरूद्ध जमावड़े में अपराध करना, दंगे में घातक हथियार इस्तेमाल करना, जान बूझकर किसी की प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाने के तहत मामला दर्ज किया है। यह मामला आईटी सिटी थाने एसएचओ सतविंदर सिंह ने दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मूल रूप से गांव थेड़ी मलेट जिला श्री मुक्तसर साहिब के रहने वाले राजेश्वर सिंह सिद्धू ने बताया कि उसका चंडीगढ़ सेक्टर-21डी में घर है। मोहाली सेक्टर-83 में प्राइवेट यूनिवर्सिटी में वह लॉ की पढ़ाई कर रहा है। 6 अक्टूबर को उसका पेपर था। वह शाम करीब साढ़े 4 बजे पेपर देकर बाहर आया। उसके साथ उसका दोस्त अभय राज सिंह निवासी अमृतसर भी साथ पढ़ता है। अभय राज सिंह की थार गाड़ी यूनिवर्सिटी की पार्किंग में खड़ी थी। जगह नहीं होने की वजह से उसने अपनी इनोवा क्रिस्टा कार को यूनिवर्सिटी के बाहर पार्क की थी। इस कारण वह अभय सिंह की थार में बैठकर यूनिवर्सिटी के बाहर अपनी कार तक पहुंचा।
जैसे ही वह अपनी कार के पास आया तो दो युवक सूए से उसकी गाड़ी के टायर पंक्चर कर रहे थे। तभी एक युवक तलवार लेकर उसकी तरफ आया। उसे देखकर वह भागकर गाड़ी में बैठ गया और लॉक कर ली। उसी दौरान हथियारों से लैस करीब दस युवकों ने उसकी गाड़ी को घेर लिया। देखते ही देखते आरोपियों ने हमला कर उसकी गाड़ी के सीसे तोड़ दिए। आरोपियों से बचने के लिए वह पंक्चर कार में बैठकर भाग गया। बाद में हमलावरों ने उसके दोस्त अभय राज सिंह की थार और किवरजा सिंह की कार भी तोड़ दी और मौके से जान से मारने की धमकियां देकर फरार हो गए। उन्होंने पुलिस को शिकायत दी जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।