चंडीगढ़। 21 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद शहर में इंडोर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। इसमें देशभर लड़के और लड़कियों की 20-20 टीमें शिरकत करेंगी। इंडोर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप का आयोजन 11 से 13 नवंबर के बीच पंजाब यूनिवर्सिटी के खेल विभाग के इंडोर ऑडिटोरियम में होगा। यहां पर सब जूनियर, जूनियर, सीनियर वर्ग में चैंपियनशिप के मुकाबले खेले जाएंगे। तीन दिन बाद कई राज्यों के खिलाड़ी शहर पहुंच जाएंगे।
वर्ष 2001 में आखिरी बार नेशनल की इंडोर चैंपियनशिप का आयोजन हुआ था। इसके बाद रोइंग एसोसिएशन की ओर से प्रयास नहीं किए गए, लेकिन इस बार रोइंग एसोसिएशन के सेक्रेटरी राजीव शर्मा के प्रयास रंग लाया और चंडीगढ़ को रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से नेशनल इंडोर चैंपियनशिप की मेजबानी दी गई हैं।
चंडीगढ़ की टीम तैयार
चैंपियनशिप में शहर की लड़के और लड़कियों की टीमें सब जूनियर, जूनियर, सीनियर वर्ग में हिस्सा लेने के लिए तैयार है। कोच दीपक कुमार ने बताया कि टीमें पिछले दिनों से इसके लिए रोजाना अभ्यास में जुटी हुई हैं। पीयू के ऑडिटोरियम में इस चैंपियनशिप के लिए 37 एग्रोमीटर लगाए जाएंगे। जिस पर बैठकर खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए नजर आएंगे।