चंडीगढ़। ट्राइसिटी में घुड़सवारी के प्रति युवाओं को आर्कषित करने के लिए पंजाब ओपन एंड्योरेंस (घुड़सवारी) चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। न्यू चंडीगढ़ के पास मुल्लांपुर गरीबदास में 27 से 29 सितंबर तक चैंपियनशिप का आयोजन होगा। पंजाब और अन्य राज्यों से घुड़सवारी के शौकीन और कुशल सवार इसमें हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। ट्रैक पर घुड़सवार दमखम दिखाएंगे।
इस संबंध में मोहाली घुड़सवारी एसोसिएशन मोहाली की ओर से शनिवार को सेक्टर-27 स्थित प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस वार्ता में एसोसिएशन के अध्यक्ष कर्नल सरप्रताप सिंह के साथ एसोसिएशन के सदस्य कर्नल आनंद सैनी, नवजोत कौर, ऋषि मंगत, पीएस बराड़, गीतांजलि पाल, असलम मुहम्मद, मनकीरत सिंह और मुकुल सलारिया भी शामिल थे। एसोसिएशन के प्रधान सरप्रताप सिंह ने बताया कि पहली बार इस तरह इस बार भी चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। चैंपियनशिप का मकसद बेहतरीन घोड़ों की नस्लों के बारे में लोगों को बताना, इसके साथ ही चैंपियनशिप को रोमांचक बनानें के लिए आकर्षक ट्रैक को भी बनाया गया है। वहीं, चैंपियनशिप में विजेता प्राइज मनी 1.25 लाख रुपये का रखा गया है।
बॉक्स
तीन दिन तक चलेगी प्रतियोगिता
पंजाब ओपन एंड्योरेंस (घुड़सवारी) चैंपियनशिप तीन दिन तक चलेगी। इस इवेंट को रोमांचक बनाने के लिए दो तरह की रेस का आयोजन होगा। इनमें 20 किमी और 40 किमी की रेस को शामिल किया गया है। इस रेस के लिए आयोजकों की ओर से विशेष इंफ्रास्ट्रक्चर को तैयार किया जाएगा। इनमें रेतीले और घुमावदार रास्तों पर घुड़सवारों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।
बॉक्स
महिला घुड़सवार भी होंगी शामिल
आयोजकों ने बताया कि पंजाब ओपन एंड्योरेंस (घुड़सवारी) चैंपियनशिप में महिला घुड़सवार भी दमखम दिखाएंगी। वहीं, पंजाब एरिया में घोड़े रखने वालों के कई फॉर्म हैं। चैंपियनशिप में बेहतरीन नस्ल के घोड़ों के साथ वह मौजूद रहेंगे।