चंडीगढ़। यूटी पुलिस की नाक तले आए दिन हो रही झपटमारी की वारदातों ने शहरवासियों के मन में भय पैदा कर दिया है। अगर पुलिस के महज अप्रैल महीने के आंकड़ों पर ही गौर किया जाए तो करीब एक दर्जन झपटमारी की वारदातें हो चुकी हैं। शहर में सबसे अधिक वारदातें सेक्टर-34 व 39 थानाक्षेत्र में हुई हैं। हालांकि पुलिस ने इनमें से कुछ वारदातों को सुलझा लेने का दावा भी किया है, लेकिन अधिकतर वहीं वारदातें सुलझ सकी है जिनमें वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की बाइक का नंबर फुटेज में आ गया हो। अन्यथा आधी से अधिक वारदातें तो ऐसी है जिनमें पुलिस आरोपियों का कोई सुराग तक नहीं जुटा सकी है। पहले मामले में 11 अप्रैल को सेक्टर-11 थानाक्षेत्र में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश एक युवक से फोन छीनकर भाग गए। शिकायतकर्ता मुकेश कुमार ने बताया कि वह सेक्टर-11 में 66 केवी लाइट प्वाइंट के पास खड़े होकर फोन पर किसी से बात कर रहा था। इसी दौरान उसके पास एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आए और देखते ही देखते उसके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
दूसरे मामले में बीती 16 अप्रैल को शहर में अज्ञात बदमाशों ने शहर के सेक्टर-39 में दो अलग-अलग जगह छीनाझपटी की दो वारदातों को अंजाम दिया है। सेक्टर-25 निवासी राहुल ने बताया कि वह बाल निकेतन स्कूल 15 अप्रैल काे सेक्टर-37-ए चंडीगढ़ के पास मौजूद था। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवक आए और उसका मोबाइल फोन व नकदी छीनकर फरार हो गए। इस मामले में सेक्टर-39 थाने में मामला दर्ज किया गया। वहीं दूसरे मामले में सेक्टर-25-डी निवासी राम लाल ने बताया कि वह 15 अप्रैल को सेक्टर में एक अखबार कार्यालय के नजदीक मौजूद था। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक उससे 1500 रुपये की नकदी छीनकर फरार हो गए। यह मामला भी सेक्टर-39 में दर्ज किया गया।
तीसरे मामले में संतोष कुमार निवासी किशनगढ़ चौधरी ने बताया कि बीती 12 अप्रैल को वह झील के पीछे गोल्फ रेंज मोड़ के पास से गुजर रहा था तो दो अज्ञात मोटर साइकिल सवार पीछे से युवक आए और उसका ओप्पो ए-77 मोबाइल फोन छीन लिया। इस बारे में सेक्टर-26 थाने में अज्ञात के खिलाफ छीनाझपटी का मामला दर्ज किया गया। हालांकि पुलिस ने कुछ दिन बाद हाल ही में आरोपी मोंटी व नीतिश कुमार को गिरफ्तार करने का दावा है जिनके पास से युवक का मोबाइल फोन व वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। जबकि चौथे मामले में शहर के सेक्टर-34 थानाक्षेत्र में सेक्टर-45 स्थित गांव बुड़ैल के शाही पीजी निवासी गोविंद सिंह से चाकू व पिस्तौल की नोंक पर मोबाइल छीना की वारदात हुई। पुलिस ने सेक्टर-34 थाने में मामला दर्ज कर बहलाना के ओल्ड एयरपोर्ट रोड निवासी सूरज उर्फ मोटा, ईडब्ल्यूएस कालोनी धनास निवासी समीर और मोहाली के एरोसिटी निवासी बीरबल उर्फ पुतला उर्फ खुजली को गिरफ्तार करने का दावा किया गया।
बाइक सवारों ने इन वारदातों को भी दिया अंजाम
इसके अलावा बीती 22 अप्रैल बाइक सवार अज्ञात आरोपियों ने सेक्टर-38 में प्राइवेट स्कूल के नजदीक युवती से मोबाइल फोन छीना लिया है।
शिकायतकर्ता युवती गायत्री ने बताया कि वह किसी काम के चलते सेक्टर-38 में विवेक स्कूल के नजदीक से पैदल जा रही थी। उसके हाथ में मोबाइल फोन था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उसके पास रूके और देखते ही देखते उसके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। छठे मामले में सेक्टर-46/ए निवासी महिला से 26 अप्रैल को 509 नंबर कोठी के सामने बाइक सवार दो युवको ने गले में डली सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सेक्टर-34 थाने में अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया। सातवें मामले में धनास की कच्ची कालोनी निवासी युवक दुर्गेश कुमार से अज्ञात बाइक सवार उसका युवक ने मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गया। घटना के समय युवक सेक्टर-27/28 चौक के पास से गुजर रहा था जब वारदात को अंजाम दिया गया। आठवें मामले में 12 मार्च को आईटी पार्क पुलिस थाने में चंचल रानी निवासी पिपली वाला टाउन मनीमाजरा ने शिकायत दर्ज करवाई कि कुछ दिन पहले उसका शास्त्री नगर लाइट के पास राम नर्सरी के सामने शाम की सैर करते समय अज्ञात युवक ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया।