चंडीगढ़। शहर में डेंगू से बेकाबू होती स्थिति से बचाव के लिए प्रशासन ने सेक्टर-48 के बंद पड़े 100 बेड के अस्पताल को खोलने का निर्णय लिया है। वहां सोमवार से डेंगू, मलेरिया और बुखार के मरीजों को भर्ती किया जाएगा। इस संबंध में रविवार को आदेश जारी किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को डेंगू के 29 नए मरीज मिले। इससे कुल मरीजों की संख्या 394 हो गई है। बता दें कि इस 100 बेड के अस्पताल को दूसरी लहर के बाद तीसरी लहर की आशंका पर आरक्षित रखा गया था जबकि बेड की कमी के कारण जीएमसीएच- 32 और जीएमएसएच- 16 में नॉन कोविड मरीजों को भर्ती कर इलाज करना मुश्किल हो रहा था। इस समस्या को अमर उजाला ने लगातार प्रमुखता से प्रकाशित किया।
मौजूदा समय में जीएमसीएच- 32 में लो प्लेटलेट्स काउंट वाले बुखार के 126 और 38 मरीज डेंगू के भर्ती हैं। इनमें चंडीगढ़ के 33 मरीज हैं। वहीं जीएमएसएच- 16 में पिछले 48 घंटे के दौरान 90 मरीजों को भर्ती किया गया है। इनमें से 18 मरीज चंडीगढ़ के हैं। इस स्थिति से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अन्य प्रदेशों से ऐसे मरीज रेफर न करने का आग्रह किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि अन्य प्रदेशों से रेफर होने वाले मरीजों का इलाज उनके यहां ही हो सकता है। प्रशासन का दावा है कि डेंगू से बचाव के लिए प्रत्येक स्तर पर पुख्ता उपाय किए गए हैं। डेंगू-मलेरिया से बचाव के लिए 7626002036 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।