संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के निर्देश पर एसजीपीसी का प्रतिनिधिमंडल दिल्ली के पुलिस कमिश्नर से मिला और आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली की पूर्व विधायक आतिशी के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि 6 जनवरी को दिल्ली विधानसभा में आतिशी ने गुरु साहिबान के संबंध में अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया जिससे सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को गंभीर ठेस पहुंची। एसजीपीसी ने कहा कि यह टिप्पणी विधानसभा की आधिकारिक कार्यवाही में दर्ज है जिससे मामला और गंभीर हो जाता है।
शिकायत पत्र में कहा गया कि गुरु साहिबानों के उपदेश मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं और सिख पंथ सदैव भाईचारे और समानता का संदेश देता रहा है। ऐसे में निर्वाचित नेता की ओर से गुरु साहिबानों के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करना धार्मिक आस्था पर सीधा प्रहार है। विशेष रूप से श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहादत शताब्दी के अवसर पर यह अत्यंत निंदनीय है। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई एसजीपीसी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुजीत सिंह विर्क ने की। साथ में कनिष्ठ उपाध्यक्ष बलदेव सिंह कल्याण, कार्यकारिणी सदस्य गुरप्रीत सिंह झब्बर, हरियाणा सिख मिशन प्रभारी सुखविंदर सिंह और दिल्ली सिख मिशन प्रभारी मनवीत सिंह मौजूद थे। एसजीपीसी ने पुलिस कमिश्नर से आग्रह किया कि आतिशी के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।