मनीमाजरा। मॉडर्न कांप्लेक्स के पास रेलवे लाइन के नीचे से गुजरने वाली मुख्य पाइपलाइन में लीकेज ने पब्लिक हेल्थ विंग की टीम के लिए चुनौतीपूर्ण स्थिति पैदा कर दी है। पिछले 10 दिनों से कर्मचारी लगातार रिसाव खोजने में जुटे हैं, लेकिन अब तक लीकेज का सटीक स्थान नहीं मिल पाया है।
पाइपलाइन करीब 25 फीट गहरी डाली गई है, जिसके कारण खोज और खुदाई का काम बेहद खतरनाक और जटिल बन गया है। अब जेसीबी मशीन की मदद से गहरी खुदाई की जा रही है। खुदाई इतनी गहरी हो चुकी है कि नीचे जाने के लिए कच्ची सीढ़ियों जैसा रास्ता बनाना पड़ा है।
इस पाइपलाइन से सेक्टर-26 से नहरी पानी कैनाल वाटर मनीमाजरा लाया जाता है। लीकेज के चलते पानी अंडरपास में जा रहा था, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सबसे पहले इस समस्या की जानकारी आम आदमी पार्टी ग्रामीण के प्रदेश अध्यक्ष हरप्रीत सिंह ने दी थी। उनका कहना है कि विभाग ने सूचना मिलते ही पूरी गंभीरता से काम शुरू कर दिया और खुद एसडीओ जोगिंदर सिंह स्वयं मौके पर मौजूद रहकर निगरानी कर रहे हैं, जबकि कर्मचारी लगातार दिन-रात रिसाव खोजने में लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि विभाग ने अंडरपास में जाने वाले पानी को फिलहाल रोक दिया है ताकि लोगों को आवाजाही में परेशानियां न हों।
लीकेज की वजह से मनीमाजरा में एक दिन पानी सप्लाई प्रभावित हुई थी, लेकिन विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था के साथ अब जलापूर्ति को सामान्य बनाए रखा है। पब्लिक हेल्थ विंग का कहना है कि जब तक रिसाव का स्रोत नहीं मिल जाता, टीम बिना रुके काम जारी रखेगी और पाइपलाइन को जल्द ठीक करने का हर प्रयास किया जा रहा है।