पंचकूला। बरवाला रिहोड़ बाईपास (एनएच-7) पर बने डांगरी पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण यातायात के लिए तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। बुधवार को एसडीएम बरवाला, एक्सईएन बीएंडआर, एक्सईएन सिंचाई विभाग, तहसीलदार और ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से ब्रिज का निरीक्षण किया। इस दौरान पाया कि डांगरी पुल सुरक्षा की दृष्टि से पूरी तरह अनुपयुक्त हो गया है, जिसके चलते इसे बंद करने का निर्णय लिया गया।
पुल की मरम्मत के दिए निर्देश
वहीं, ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को मार्ग परिवर्तनों की जानकारी देते हुए कहा कि यमुनानगर की ओर से आकर डेराबस्सी जाने वाले वाहन अब बरवाला बाईपास होते हुए अनाज मंडी के रास्ते से निकलें। डेराबस्सी से यमुनानगर जाने वाले वाहन चालक पंचकूला या अंबाला के वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक पुलिस की ओर से बताए गए मार्गों का पालन करें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।