चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) की संपत्तियों को लीज होल्ड से फ्री होल्ड करने का असर दिखने लगा है। फरवरी 2022 में लीज होल्ड होने की वजह से सेक्टर-51ए की एक व्यावसायिक संपत्ति को कोई 44 लाख रुपये में खरीदने को तैयार नहीं था, लेकिन डेढ़ महीने बाद जैसे ही ये संपत्ति फ्री होल्ड हुई, सीएचबी ने इसे 80 लाख से ज्यादा में बेचा है। इसके अलावा अन्य संपत्तियां भी कई गुना ज्यादा दाम पर बिकी हैं।
सीएचबी ने इस बार छह आवासीय के साथ 10 व्यावसायिक संपत्तियों को भी फ्री होल्ड पर बेचने के लिए ई-टेंडरिंग में रखा था, जिसमें से सिर्फ एक आवासीय और चार व्यावसायिक संपत्तियों को बेचने में विभाग सफल रहा है। फ्री होल्ड पर ई-टेंडरिंग के चलते बोर्ड को सभी संपत्तियों के लिए अच्छे रिस्पांस की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। हालांकि व्यावसायिक संपत्तियां फ्री होल्ड होने की वजह से अपने पुराने दाम से लगभग दोगुने दाम पर बिकी हैं। हालांकि फ्री होल्ड होते ही सीएचबी ने इनका आरक्षित मूल्य भी दोगुना कर दिया था। आवासीय संपत्तियों में सेक्टर-38 का ईडब्ल्यूएस फ्लैट 26 लाख रुपये में बिका है। चारों व्यावसायिक संपत्तियां सेक्टर-51ए की थीं, जिनमें से दो का आरक्षित मूल्य 80 लाख और दो का 90 लाख रुपये था। इनमें से दो पहली बार नीलामी के लिए रखी गई थीं, जबकि इनको फरवरी 2022 में नीलामी के लिए रखा था, लेकिन लीज होल्ड होने की वजह से किसी ने रुचि नहीं दिखाई थी। उस समय इनका आरक्षित मूल्य 44 लाख और 53 लाख रुपये था। फ्री होल्ड होने के बाद इनका आरक्षित मूल्य 80 लाख और 90 लाख रुपये हो गया। हालांकि इस दाम पर भी ये दोनों संपत्तियां बिक गई हैं। सीएचबी को आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों से कुल 3.67 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है।
26 अप्रैल तक जमा करानी होगी 25 फीसदी राशि
सभी संपत्तियों के लिए सबसे अधिक बोली लगाने वाले बोलीदाता को 26 अप्रैल तक 25 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी। अगर बोलीदाता की ओर से तय समय के अंदर इसका भुगतान नहीं किया जाता है तो बोर्ड की तरफ से ईएमडी (बयाना राशि) जब्त कर ली जाएगी और बोलीदाता को सीएचबी की किसी भी संपत्ति के लिए बोली लगाने से ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा। पहले बोर्ड ई-नीलामी के जरिए आवासीय व व्यावसायिक संपत्तियों की नीलामी करता था, लेकिन अब बेहतर प्रस्तावों और गोपनीयता को बरकरार रखने के लिए टेंडरिंग का सहारा ले रहा है। बता दें कि सीएचबी पिछले 12 महीने में 177 प्रॉपर्टी को बेच पाया है, जिससे उसे 120 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है।