–आरोपी फरार, पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज किया
-
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। रंजीत विहार, लोहारका रोड की एक युवती ने पुलिस को शिकायत दी है कि उनके मकान मालिक सहज अरोड़ा ने उनसे जबरदस्ती करने का प्रयास किया और विरोध करने पर उन्हें घायल कर दिया। युवती ने बताया कि उनके परिवार ने 23 दिसंबर को सहज अरोड़ा से मकान किराए पर लिया था। मकान में पानी की समस्या थी, जिसकी शिकायत मकान मालिक से की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं मिला। परिवार नया मकान तलाश रहा था।
घटना के दिन, रविवार को जब पूरा परिवार गुरुद्वारा साहिब गया हुआ था, सहज अरोड़ा जान-बूझकर घर आया। युवती अकेली होने पर उसके घर में घुसने का प्रयास किया और जबरदस्ती करने लगा। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। इस दौरान युवती के पति मौके पर आए और आरोपी को छुड़ाया, लेकिन वह फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता का सिविल अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवाया। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना सदर में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।