चंडीगढ़। शृंगार की चमक, मेंहदी की खुशबू और सजे हुए थालों के बीच चंडीगढ़ की नवविवाहिताएं करवाचौथ के पावन पर्व को लेकर उत्साहित हैं। पहली बार यह व्रत रखने वाली महिलाओं के चेहरों पर अनोखा उत्साह और खुशी साफ झलक रही है। कई दिनों से चल रही तैयारियों के बीच वे शुक्रवार की शाम चांद के दीदार का बेसब्री से इंतजार करेंगी। नवविवाहिताओं का कहना है कि करवाचौथ का व्रत उनके लिए परंपरा नहीं बल्कि पति-पत्नी के अटूट प्रेम और समर्पण का प्रतीक है।
सपनों को साकार करता करवाचौथ
महिलाओं का कहना है कि शादी से पहले हर युवती करवाचौथ का व्रत रखने का सपना संजोती है। इस बार यह सपना पूरा होने जा रहा है। मेहंदी, सोलह शृंगार और व्रत की तैयारियों ने उनके उत्साह को दोगुना कर दिया है। यह पर्व उनके लिए सौभाग्य और जीवनसाथी के प्रति प्रेम का अनमोल अवसर है।
प्रेम और समर्पण का अनुभव
मैंने इसी साल शादी की है। पहली बार इस दिन के महत्व को महसूस कर रही हूं। बचपन से मां को व्रत करते देखा था लेकिन आज खुद यह व्रत रखकर समझ आ रहा है कि इसमें कितना समर्पण और प्रेम है। कई दिन पहले तैयारियां और मेंहदी लगवाकर बहुत खुशी हूं।
-परविंदर कौर, चंडीगढ़
सौभाग्य और गर्व का पल
सजना-संवरना और मेहंदी लगाना मुझे बहुत अच्छा लगता है। यह व्रत सिर्फ परंपरा नहीं बल्कि जीवनसाथी के प्रति भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। इससे पति-पत्नी का रिश्ता और भी मजबूत होता है। मुझे यह व्रत रखने पर गर्व महसूस हो रहा है। यह मेरा सौभाग्य है।
-अनु, चंडीगढ़
प्रेम और भरोसे की मजबूती
दिनभर भूखा रहकर चांद का इंतजार करना बहुत मुश्किल लगता है लेकिन जब पति पानी पिलाता है तो सारी थकान मिट जाती है। करवाचौथ पति-पत्नी के रिश्ते की गहराई को महसूस कराने वाला त्योहार है। इस दिन दोनों के बीच का सच्चा प्रेम व भरोसा और मजबूत होता है।
-अमनप्रीत कौर, चंडीगढ़