बठिंडा जिला प्रशासन की तरफ से 26 फरवरी से कराए जा रहे चार दिवसीय कबड्डी टूर्नामेंट के संबंध में मंगलवार को बठिंडा पहुंचे इंटरनेशनल रेसलर द ग्रेट खली ने कहा कि नशे के लिए पंजाब को सिर्फ बदनाम किया गया है। नशा तो पूरे भारत में फैला है। डिप्टी कमिश्नर प्रनीत के कार्यालय पहुंचे खली ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बठिंडा के खेल स्टेडियम में उनकी तरफ से विदेशी रेसलरों के बीच मैच करवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विदेशियों से उनकी अकादमी के रेसलर भी भिडे़गें। उनका कहना था कि अगर युवा रेसिलंग की तरफ कदम बढ़ाएंगे तो नशे से अपने आप दूर हो जाएंगे। उन्होंने युवाओं से अपील की कि नशा करना ही है तो स्पोर्ट्स का करें। खली ने कहा कि चार दिवसीय कबड्डी कार्निवाल में विजेता रहने वाले खिलाड़ियों को प्रशासन की तरफ से बीस लाख रुपये के ईनाम बांटे जाएंगे।
खली ने कहा कि वह किसी पर आरोप नहीं लगाते कि किसने पंजाब को नशे के लिए बदनाम किया है। पंजाब के लोगों की भी एक जिम्मेदारी बनती है कि वो नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को खेलों की ओर मोडे़ं।
‘राजनीति से संबंध, न चुनाव लड़ने का मूड’
खली ने कहा कि उनका राजनीति से कोई संबंध नहीं और न ही वह कभी चुनाव लड़ने के मूड में है। जब महसूस होगा कि उन्हें देश की राजनीति में आकर चुनाव लड़ना है तो वह तब सोचेंगे। फिलहाल वह चुनाव लड़ने के मूड में नहीं है। खली ने कहा कि उनका कारोबार व परिवार अमेरिका में सेटल था। भारत के लिए कुछ करने का जूनून उन्हें वापस अपने देश खींच लाया है। वह अपने देश के युवाओं को विदेशी रेसलरों की तरह रिंग में देखना चाहते है। इसके लिए उन्होंने अपनी अकादमी भी शुरू की है।