सेक्टर-10 खेल विभाग की ओर से पहली बार कराए जा रहे टूर्नामेंट
चंडीगढ़। शहर में राष्ट्रीय स्तर की टेनिस प्रतियोगिताओं की वापसी होने जा रही है। यूटी खेल विभाग सेक्टर-10 टेनिस कॉम्प्लेक्स में ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (आइटा) के दो टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे। सितंबर 2025 के बाद शहर में पहली बार इस स्तर की प्रतियोगिताएं होने जा रही हैं। इससे चंडीगढ़ के उभरते टेनिस खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
पहला टूर्नामेंट 17 से 23 अक्टूबर तक आयोजित होगा। आइटा चैंपियनशिप सीरीज के तहत होने वाली इस प्रतियोगिता में अंडर-12 और अंडर-16 आयु वर्ग के लड़के और लड़कियां हिस्सा लेंगे। इसके बाद 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक आइटा सुपर सीरीज टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इसमें अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के लड़के और लड़कियां कोर्ट पर उतरेंगे।
250 से अधिक मिल चुकी एंट्री
इन प्रतियोगिताओं का आयोजन शहर के जूनियर टेनिस खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टूर्नामेंट में देश के विभिन्न राज्यों से टेनिस खिलाड़ी शिरकत करने जा रहे है। खेल विभाग को इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए अभी तक 250 से अधिक एंट्री मिल चुकी हैं। खेल विभाग अपने अंडर इस स्टेडियम में अभी तक की अपना पहला टेनिस टूर्नामेंट कराने जा रहा है। इस टूर्नामेंट से खिलाड़ियों को प्रतियोगिता का अनुभव हासिल करने और आगे की तैयारी के लिए अपनी कमजोरियों को समझने में भी मदद करते हैं।