ट्राइसिटी के हजारों अभिभावकों के लिए राहत की खबर है। चंडीगढ़ के 70 से अधिक प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूलों में एंट्री लेवल(नर्सरी और केजी) क्लास में 2017-18 के लिए दाखिला कॉमन एडमिशन शेड्यूल के तहत ही होगा।
एक-दो दिन में शिक्षा विभाग द्वारा कॉमन एडमिशन शेड्यूल को जारी कर दिया जाएगा। जानकारी अनुसार 30 नवंबर से प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूलों में एडमिशन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
प्राइवेट स्कूल और यूटी शिक्षा विभाग के बीच काफी दिनों से कॉमन एडमिशन शेड्यूल को लेकर तनातनी जारी है। इंडिपेंडेंट स्कूल एसोसिएशन स्कूल अपने स्तर पर एंट्री लेवल पर दाखिला करना चाहते थे, लेकिन यूटी प्रशासन इसके लिए तैयार नहीं था।
बुधवार दोपहर बाद डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन(डीएसई) रुबिंदरजीत सिंह बराड़ और इंडिपेंडेंट स्कूल एसोसिेशन के 70 स्कूल प्रिंसिपल की बैठक हुई। बैठक में एडमिशन शेड्यूल को लेकर काफी बहस हुई।
लेकिन डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन ने कॉमन एडमिशन शेड्यूल से ही दाखिला करने की बात रखी। लंबी बहस के बाद प्राइवेट स्कूलों के आग्रह पर विभाग विभाग ने प्रस्तावित शेड्यूल में कुछ बदलाव को अनुमति दे दी।