मोहाली। देश की प्राचीन ज्ञान परंपरा को सहेजने और संरक्षित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की संस्कृति मंत्रालय ने ज्ञान भारतम मिशन के तहत राष्ट्रीय स्तर पर सर्वेक्षण शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में नगर निगम ने वीआईपी सिटी और आसपास के क्षेत्रों में मौजूद प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपियों (मैन्युस्क्रिप्ट्स) की जानकारी एकत्र करने के लिए आम जनता और संस्थाओं से सहयोग की अपील की है। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार यह सर्वेक्षण 15 जून तक पूरा किया जाना है।
इसके तहत सरकारी और निजी संस्थाओं, विश्वविद्यालयों, पुस्तकालयों, मंदिरों, गुरुद्वारों और अन्य धार्मिक स्थलों के पास यदि कोई पुरानी हस्तलिखित सामग्री सुरक्षित है, तो उसकी जानकारी निगम के साथ साझा करना आवश्यक है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान देश की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि कई बार ऐतिहासिक महत्व की पांडुलिपियां निजी घरों, धार्मिक स्थलों या संस्थानों में सुरक्षित रहती हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में वे राष्ट्रीय रिकॉर्ड का हिस्सा नहीं बन पातीं। ऐसे में इस सर्वेक्षण के माध्यम से इन दुर्लभ दस्तावेजों को चिन्हित कर संरक्षित किया जाएगा। निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी वर्गों का सहयोग जरूरी है।
खासकर शैक्षणिक संस्थान, धार्मिक संगठन और सामाजिक संस्थाएं इस दिशा में अहम भूमिका निभा सकती हैं। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार प्राप्त जानकारी का उपयोग केवल संरक्षण और दस्तावेजीकरण के उद्देश्य से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सर्वेक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने की दिशा में एक अहम प्रयास है। जानकारी देने के लिए नगर निगम ने संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। इच्छुक व्यक्ति सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच मोबाइल नंबर 9888200123, 9888773676 और 9646214556 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा mcsasnagargmail.com पर ई-मेल के जरिए भी सूचना दी जा सकती है।