चंडीगढ़। मेहर चंद महाजन डीएवी महिला महाविद्यालय सेक्टर-36 का परिसर शनिवार को मधुर संगीत की स्वर लहरियों से गूंज उठा जब भारत के अंतरराष्ट्रीय बांसुरी वादक पंडित अजय शंकर प्रसन्ना ने एक भावपूर्ण प्रस्तुति दी। यह कार्यक्रम कॉलेज के संगीत विभाग द्वारा युवाओं में भारतीय शास्त्रीय संगीत और संस्कृति को बढ़ावा देने वाली संस्था के सहयोग से तथा एसआरएफ क्लासिकल सीरीज के अंतर्गत आयोजित किया गया।
दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। तीन बार ग्रैमी पुरस्कार के लिए नामांकित पं. अजय शंकर प्रसन्ना की बांसुरी की सुरमयी प्रस्तुति में प्रख्यात तबला वादक साबिर हुसैन ने साथ दिया। इस उत्कृष्ट प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे-जैसे कार्यक्रम समापन की ओर बढ़ा, दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट ने इस संगीतमय अनुभव को अभिव्यक्त किया।
समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना एक सराहनीय प्रयास
कार्यक्रम के अंत में कार्यवाहक प्राचार्या नीना शर्मा ने संगीत विभाग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवा पीढ़ी को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना एक सराहनीय प्रयास है। इस प्रकार की अनूठी पहल से कलाकारों और नवोदित कलाकारों के बीच सेतु स्थापित होता है।