चंडीगढ़। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर शहर के सभी गुरुघरों में भव्य आयोजन होगा। गुरुद्वारों को फूलों और जगमग रोशनी से सजाया गया है, और संगत के लिए लजीज व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं। कीर्तनी जत्थे कीर्तन कर संगत को निहाल करेंगे और गुरु का अटूट लंगर चलेगा।
सेक्टर 34 के गुरुद्वारा साहिब में 50 हजार से अधिक संगत के लिए लंगर की व्यवस्था है जबकि सेक्टर 22 और 8 के गुरुघरों में पांच हजार तक संगत के लिए लजीज व्यंजन तैयार हैं। लंगर में दाल, सब्जी, मटर पनीर, खीर, पकौड़े, चावल, सलाद और अन्य प्रसाद परोसे जाएंगे। प्रबंधकों के अनुसार, गुरुद्वारा साहिबों में कथा वाचक और कीर्तनी जत्थे संगत को कीर्तन और कथा सुनाकर आध्यात्मिक आनंद प्रदान करेंगे।