ट्राइसिटी में कोरोना संक्रमण के मामले में सबसे आगे चल रहे चंडीगढ़ शहर के लिए वीरवार का दिन राहत भरा रहा। 21 दिन बात वीरवार को शहर में एक भी पॉजिटिव मरीज के नहीं मिलने से प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इससे पहले 23 अप्रैल को शहर में कोई भी कोराना पॉजिटिव मरीज नहीं मिला था लेकिन इसके बाद मरीजों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी था।
बता दें कि चंडीगढ़ में कोरोना का पहला केस 18 मार्च को मिला था। उसके बाद तीन से चार दिनों में इक्का दुक्का केस सामने आ रहे थे लेकिन बापूधाम में 24 अप्रैल से शुरू हुए कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मिलने का सिलसिला लगातार 13 मई तक लगातार जारी रहा लेकिन वीरवार को 21 दिन बाद इस सिलसिले पर ब्रेक लगा। वीरवार को शहर में एक भी नया केस नहीं आया।
वहीं पांच कोरोना पॉजिटिव मरीजों को पीजीआई से छुट्टी भी मिली। इसके साथ ही 45 संदिग्धों की हुई जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बापूधाम के मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की परेशानी बढ़ती जा रही थी। तमाम प्रयास के बावजूद कोरोना पॉजिटिव की बढ़ती संख्या पर काबू नहीं लग पा रहा था। बापूधाम में हर दिन 8 से 10 नए मामले सामने आ रहे थे।
पिछले दिनों वहां से एक दिन में सबसे ज्यादा 21 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। ऐसे में 24 घंटे में एक भी केस न आना सकारात्मक परिणाम की ओर संकेत करने लगा है। शहर में अब तक 2506 कोरोना के संदिग्धों की जांच हो चुकी है। इनमें से 2299 की रिपोर्ट निगेटिव आई है जबकि अब तक कुल 37 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं।