चंडीगढ़। सेक्टर-44 स्थित सामुदायिक केंद्र में रविवार को टाइम बैंक ऑफ इंडिया की ट्राइसिटी इकाई की बैठक आयोजित हुई, जिसमें 60 सदस्य शामिल हुए। बैठक में सदस्यों ने समयदान के माध्यम से एकाकी और जरूरतमंद बुजुर्गों की सेवा करने का संकल्प लिया।
बैठक का शुभारंभ राज्य समन्वयक आईडी सिंह ने किया और जयपुर से आए संस्थापक अध्यक्ष पीसी जैन तथा प्रबंध न्यासी अनिल खोसला का स्वागत किया। पीसी जैन ने टाइम बैंक के उद्देश्य—समाज में सहयोग, सहभागिता और सामुदायिक भावना सुदृढ़ करना—पर प्रकाश डाला। उन्होंने नियमित बैठकों के महत्व पर जोर दिया।
अनिल खोसला ने युवाओं को जोड़ने और दीर्घकालिक मजबूती के लिए यूनिवर्सिटीज़ से किए गए अनुबंधों और जून–जुलाई 2026 में आयोजित 8 सप्ताह की इंटर्नशिप के बारे में जानकारी दी। नए सदस्यों को संगठन की वेबसाइट, सहायता अनुरोध पोर्टल, व्हाट्सएप ग्रुप और टाइम क्रेडिट पासबुक के उपयोग के बारे में भी अवगत कराया गया। बैठक में संकल्प लिया गया कि प्रत्येक सेक्टर में सक्रिय इकाइयां विकसित कर ट्राइसिटी टाइम बैंक को आदर्श मॉडल बनाया जाएगा।