संवाद न्यूज एजेंसी
मुक्तसर। मेला माघी के मौके पर अकाली दल वारिस पंजाब दे ने अपने पहले स्थापना दिवस पर मुक्तसर में पंथिक सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और चालीस मुक्तों की अमर शहादत को श्रद्धांजलि दी गई। नेताओं ने कहा कि टुट्टी गंढी दिवस अत्याचार और अन्याय के खिलाफ दृढ़ रहने और गुरु के सिख के रूप में अपने कर्तव्य की याद दिलाता है।
पार्टी ने घोषणा की कि 25 फरवरी को श्री अकाल तख्त साहिब से तख्त श्री दमदमा साहिब तक ‘बंदी छोड़ खालसा वहीर’ निकाली जाएगी, जो गुरमत सिद्धांतों और पंथक एकता को मजबूत करेगी। अकाली दल वारिस पंजाब दे 10 फरवरी को चंडीगढ़ में भाई अमृतपाल सिंह खालसा पर लगे राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के विरोध में विशाल विरोध मार्च निकालेगी और मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास का घेराव करेगी। पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव में पंजाब का मुख्यमंत्री भाई अमृतपाल सिंह खालसा बनाने और सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने का संकल्प दोहराया।