अमृतसर। मेहता थाने की हवालात में चोरी के आरोपी रणजोध सिंह ने वीरवार रात आत्महत्या कर ली। आरोपी ने कंबल को फाड़कर उसका फंदा बना लिया और उसे हवालात में लगे लोहे के ग्रिल से बांधकर खुद को लटका लिया।
शुक्रवार सुबह जब पुलिसकर्मी हवालात में पहुंचे तो उन्होंने रणजोध सिंह को लटके देखा। पुलिस के मुताबिक रणजोध सिंह को चोरी के आरोप में कुछ दिन पहले मेहता थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद उसे हवालात में बंद कर दिया गया था। रात को ठंड से बचने के लिए अन्य हवालाती की तरह उसे भी एक कंबल और तकिया दिया गया था। घटना के समय थाने के प्रभारी सब इंस्पेक्टर हरपाल सिंह मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर वह तत्काल थाने पहुंचे और डीआईजी संदीप गोयल, एसएसपी सोहेल मीर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस इस मामले में लापरवाही की जांच कर रही है। संवाद