सैकड़ों ग्रामीण गांव के अड्डे पर एकत्रित होने शुरू हो गए। पुलिस को पहले से ही इसकी भनक लग चुकी थी और जिले भर से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इस दौरान ग्रामीणों ने वहां हंगामा करते हुए पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी है। डीएसपी प्रदीप कुमार, एसएचओ राजपाल ने ग्रामीणों को काफी समझाया। लेकिन वे युवती की बरामदगी और आरोपी युवक एवं उसके परिजनों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
गांव में हालात बिगड़ते देख युवक के परिजनों को साथ ले गई पुलिस
गांव में स्थिति बिगड़ती देखकर पुलिस ने आरोपी युवक के परिजनों तथा उनके कुनबे के अन्य सदस्यों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। इसके बावजूद भी ग्रामीणों का गुस्सा कम नहीं हुआ। वह युवती की बरामदगी पर अड़े रहे। पुलिस को लोगों को समझाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने चार बजे ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद हंगामा कुछ थमा।
धार्मिक स्थल में कुछ लोगों ने शुरू कर दी तोड़फोड़, पुलिस बल तैनात
पुलिस से आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण शांत हो गए और पुलिस बल ने भी राहत की सांस ली। लेकिन इसी बीच कुछ शरारती तत्वों ने गांव में बने एक धार्मिक स्थल में जाकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने इनवर्टर व सोलर चार्जर प्लेट आदि को तोड़ दिया। जब तक पुलिस पहुंची मौके से तोड़फोड़ करने वाले फरार हो गए। धार्मिक स्थल के बाहर भी पुलिस बल को तैनात कर दिया गया।
मामले में गांव के अड्डे पर एकत्रित होने का मैसेज दो दिन से सोशल साइट्स पर फैलाया जा रहा था। इसके चलते गांव सहित आसपास के क्षेत्र से भी युवा वहां पहुंचे थे। वे पुलिस पर कार्रवाई करने के लिए दबाव बनाने का प्रयास करते रहे।
बीस वर्ष पहले भी हुई थी ऐसी ही घटना
कई ग्रामीणों ने बताया कि तकरीबन बीस वर्ष पहले भी इस तरह की घटना हुई थी। जिसमें एक समुदाय की युवती और दूसरे समुदाय का लड़का लेकर चला गया था। ग्रामीणों का कहना है कि आज तक उस लड़की का कोई सुराग नहीं लग सका, लेकिन इस मामले में वे चुप नहीं रहेंगे।
कुछ धार्मिक संगठन भी हुए सक्रिय
इस मामले में कुछ धार्मिक संगठन भी सक्रिय हो गए हैं। मंगलवार को विभिन्न धार्मिक संगठन के पदाधिकारी व सदस्य भी वहां मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से ही वो प्रशासन की कार्रवाई पर निगाह रखे हुए है।
पुलिस द्वारा शाम को चार बजे का समय बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। लेकिन भारी पुलिस बल के चलते वो केवल रोष व्यक्त करने तक ही रह गए। एसडीएम अमरदीप जैन, नायब तहसीलदार अनिल कौशिक, डीएसपी प्रदीप कुमार, थाना प्रभारी राजपाल, चौकी इंचार्ज सतनारायण सहित जिले भर से पुलिस पुलिस अधिकारी व कर्मी गांव में डटे रहे।
स्थिति नियंत्रण में है : जैन
एसडीएम अमरदीप जैन ने कहा कि गांव में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है। किसी भी तरह की भय की बात नहीं है। उन्होंने लोगों से भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। डीएसपी प्रदीप कुमार का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है और वह जल्द पुलिस गिरफ्त में होगा। स्थिति को किसी भी तरह से बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।