डेरा सच्चा सौदा सिरसा के प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम सिंह इंसा की फोटो के साथ छेड़छाड़ कर उसे वायरल करने पर अुनयायी भड़क गए। उन्हें फिलहाल पुलिस ने शांत कर दिया, लेकिन इस मामले में पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
पहले इस मामले में महेशनर पुलिस जांच कर रही थी, लेकिन बाद में इस केस को कैंट पुलिस के हवाले किया गया। शनिवार देर रात डेरा अनुयायियों ने महेशनगर थाने पहुंचकर शिकायत की थी कि कुछ युवकों ने सोशल मीडिया पर डेरामुखी के हाथों में शराब पकड़कर उनकी तस्वीर को आपत्तिजनक ढंग से बनाकर उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया है। अब युवक इस फोटो पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी कर रहे हैं।
डेरा अनुयायियों ने भी पुलिस को चेतावनी दी कि यदि उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें भी मजबूरन सड़कों पर उतना पड़ेगा। इस पर पुलिस ने उन्हे शांत कर साइबर सैल से मदद मांगी थी। पुलिस की साइबर सेल की जांच के बाद पुलिस ने नोएडा निवासी अंकुर वशिष्ठ, अमृतसर निवासी हरप्रीत सिंह, संदीप वर्मा, नीरज व अजय के खिलाफ आईटी एक्ट व धार्मिक भावना भड़काने के आरोप में केस दर्ज किया है। उनके अनुसार अभी इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, अभी कार्रवाई चल रही है।