चंडीगढ़। शहर की सड़कों पर पिछले काफी समय से ठेका नाम की एक कंपनी शेक और कॉफी बेच रही थी। चंडीगढ़ के वेंडर्स एक्ट के तहत यह अवैध है, इसलिए बुधवार को नगर निगम ने इस कंपनी की कई रेहड़ियों को जब्त कर लिया। मौके पर नगर निगम आयुक्त आनिंदिता मित्रा भी पहुंचीं।
शहर में मोबाइल वेंडिंग की इजाजत नहीं है लेकिन यह कंपनी पिछले काफी समय से बिना किसी मंजूरी अपना कारोबार कर रही थी। दो महीने पहले नगर निगम की सदन की बैठक में भी काफी शोर मचा था। पार्षदों ने नाम लेकर कहा था कि शहर में ऐसी कंपनी ने लाखों रुपये निवेश किए हैं लेकिन नगर निगम हाथ पर हाथ धरे बैठा है। अब जाकर निगम की नींद खुली है और बुधवार को उन्होंने कार्रवाई की है। निगम के एनफोर्समेंट विंग के कर्मियों ने कुछ रेहड़ियों को जब्त कर लिया। आयुक्त ने स्टाफ को भविष्य में ऐसे उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि रेहड़ियों को जब्त करने के बाद अनधिकृत विक्रेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू की जाए। त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने संबंधित कर्मचारियों को वी-3 सड़कों को सभी अनधिकृत वेंडिंग से मुक्त रखने और साइकिल ट्रैकों पर उचित निगरानी रखने का निर्देश दिया, जहां ये रेहड़ियां अक्सर देखी जाती हैं।