मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने सीबीएसई से एफिलिटेड स्कूलों के टीचर्स से नेशनल अवार्ड के लिए आवेदन मांगे हैं। नेशनल अवार्ड पाने के लिए टीचर्स को अपनी उपलब्धियां गिनानी होंगी। चंडीगढ़ के सरकारी और सरकार से सहायता प्राप्त (एडेड) स्कूलों के अलावा नवोदय विद्यालय और केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक भी आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, अंतिम तिथि 25 जून है। इसमें टीचर्स को अपने बेहतर कार्यों का रिकॉर्ड देना होगा। इसके बाद उनका चयन कर शिक्षक दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। टीचर्स को मानव संसाधन मंत्रालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
इसमें उन्हें अपने पिछले पांच साल के रिकॉर्ड के साथ यह भी बताना होगा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में निजी प्रयासों से क्या किसी विद्यार्थी का भविष्य संवारा है। शिक्षकों को निर्धारित समय में आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद चयन समिति द्वारा पात्र शिक्षकों का पुरस्कार के लिए चयन किया जाएगा।
पात्र शिक्षक अपनी उपलब्धियों के साथ आवेदन कर सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए शिक्षक विभाग की वेबसाइट देख सकते हैं। सरकार ने एक हेल्पलाइन नंबर (8882142288) भी जारी किया है। अगर किसी को आवेदन करने में दिक्कत आती है तो इस हेल्पलाइन नंबर पर जानकारी ले सकते हैं।
चंडीगढ़ से एक ही शिक्षक को मिलता है अवार्ड
वर्ष 2017 तक चंडीगढ़ से दो शिक्षकों को नेशनल अवार्ड मिलता था, लेकिन अब चंडीगढ़ का कोटा कम दिया गया है। अब चंडीगढ़ से सिर्फ एक ही शिक्षक को नेशनल अवार्ड मिलेगा। पहले एक शिक्षक प्राइमरी क्लास से होता था और एक सेकेंडरी या सीनियर सेकेंडरी से। लेकिन, अब नए सिस्टम के तहत कुल एक ही शिक्षक का नाम नेशनल अवार्ड के लिए चुना जाएगा। गौरतलब है कि पिछले साल चंडीगढ़ से किसी भी शिक्षक को अवार्ड नहीं मिला था।
शिक्षक दिवस पर दिल्ली में दिए जाते हैं पुरस्कार
सभी मानकों पर खरा उतरने के बाद हर साल 5 सितंबर को देशभर से चुनिंदा टीचर्स और प्रिंसिपल्स को नेशनल अवार्ड दिया जाता है। अवार्ड के चयन के लिए केंद्र सरकार ने पिछले साल बड़े स्तर पर संशोधन किया था। इससे पहले तक नेशनल अवार्ड के लिए यूटी प्रशासन की ओर से टीचर्स से आवेदन मंगवाकर उन्हें आगे कमेटी को भेजा जाता था। लेकिन, पिछले साल से केंद्र सरकार के नए निर्देशों के तहत शिक्षक या स्कूल के प्रिंसिपल खुद ही अपना नामांकन कर पा रहे हैं।