ब्रिगेडियर नंद लाल पूनिया ने हरियाणा शिक्षक भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। राज्य सरकार ने उनका इस्तीफा फौरन मंजूर कर लिया है।
इसके साथ ही अगले आदेश तक बोर्ड के सदस्य ज्ञान चंद सहोता को अध्यक्ष पद का कामकाज सौंपा गया है। सूत्रों का कहना है कि सरकार ने ही पूनिया को इस्तीफा देने को कहा था।
हालांकि इस्तीफे में ब्रिगेडियर पूनिया ने इस्तीफा देने का कोई कारण नहीं लिखा है, फिर भी उनके इस्तीफे का आधार पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा उनके कामकाज को लेकर की गई प्रतिकूल टिप्पणी है।
एडवोकेट विजय बंसल ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। 13 दिसंबर को चीफ जस्टिस संजय किशन कौल और जस्टिस एजी मसीह की खंडपीठ ने अपने आदेश में लिखा था कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष पद पर रहते हुए पीटीआई टीचरों की भर्ती मामले में तत्कालीन चेयरमैन नंद लाल पूनिया स्वयं ही फैसला करते रहे।
आयोग के अन्य सदस्यों को शामिल नहीं किया था। हाईकोर्ट की डबल बेंच ने एकल खंडपीठ द्वारा पूनिया के बारे में की टिप्पणी को सही माना और कहा था कि हरियाणा सरकार खुद तय करे कि पूनिया को शिक्षक भर्ती बोर्ड का अध्यक्ष बनाए रखना है या नहीं।