पेड़-पौधे और हरियाली के लिए जब टशन हो तो घर में ही कॉम्पीटिशन होने लगता है, वो भी पड़ोसी नहीं बल्कि माता-पिता व बहु-बेटे के बीच। माता-पिता ने किचन गार्डन को ऑर्गेनिक खेती के तौर पर विकसित किया है तो बहू-बेटा ने घर की छत पर टैरेस गार्डन बना डाला। दोनों में लगातार कॉम्पीटिशन चलता है कि किसके गार्डन में कितने सुंदर पेड़ व फूल हैं।
सेक्टर 21 की कोठी नंबर 1105 निवासी संजीव चड्ढा अपनी पत्नी अंजू चड्ढा, बेटे अंकुश चंड्ढा और बहू इलिका चड्ढा के साथ रहते हैं। आलीशान घर के साथ ही संजीव चड्ढा ने बेहतरीन गार्डन बनाए हैं। इसकी देखभाल वे खुद करते हैं। 15 दिन में एक बार माली को बुलाते हैं। किचिन गार्डन में संजीव चड्ढा ने कई सब्जियों और सलाद के पत्ते लगा रखे हैं। वहीं उनके बेटे ने अपने गार्डन में सुंदर फूलों के साथ ही औषधि पौधों को भी लगाया। परिवार ने तय कर रखा है कि प्रतिदिन एक घंटा गार्डन को देना है।
ब्रोकली के साथ ही तुलसी के कई प्रकार
किचन गार्डन में ब्रोकली, बैंगन, पुदीना, सौंफ, अजवायन, सलाद पत्ता, मरवा (महुआ), लौंग, लेमन ग्रास, इलायची के अलावा गोभी, मिर्च, अदरक भी लगाई हुई है। वहीं टैरेस गार्डन में गेंदा, गुलाबों की अलग-अलग प्रजाति, अमरूद और अन्य प्रकार के पौधों को लगाया गया है। पौधों के लिए बेहतर गमले और उन्हें धूप बेहतर तरीके से मिले इसका भी खास ध्यान रखा जाता है।