बात खूबसूरती की हो तो जुल्फों पर निगाहों का टिकना लाजमी है। इसके लिए बालों का हेल्दी होना जरूरी है। फैशन के इस दौर में बालों की खूबसूरती बरकरार रखना थोड़ा मुश्किल काम है। हेयर एक्सपर्ट के मुताबिक फैशन के इस दौर में केमिकल का इस्तेमाल नुकसानदेह साबित हो सकता है।
हालांकि इससे बचाव के कई तरीके उपलब्ध हैं, जिनमें प्राकृतिक नुस्खे भी शामिल हैं। सेक्टर 10 स्थित सनी कट्स एंड कट्स के गर्ल्स सेक्शन हेयर एक्सपर्ट रेनू ने बताया कि बालों की दिक्कतों को दूर करना अब आसान हो गया है। तमाम तरह के इलाज मौजूद हैं, जिनकी मदद से अपने बाल को और हेल्दी बना सकते हैं। आइए जानते हैं कि वो तरीके कौन से हैं, जिससे बालों को खूबसूरत बनाया जा सकता है।
स्मार्ट बॉन्ड
इस तकनीक से बालों के ब्रेकेज दूर करने से कारगर परिणाम सामने आए हैं। रेनू के मुताबिक, बालों को धोने के बाद उसमें प्री सॉल्यूशन ट्रीटमेंट दिए जाते हैं। फिर शैंपू और मास्क लगाकर तीन से चार मिनट बाद धो दिया जाता है। आखिरी में सीरम या लिविंग क्रीम लगाते हैं। इस पूरी प्रक्रिया में करीब दो से ढाई हजार रुपये का खर्च आता है। यह समस्या वातावरण में फैले प्रदूषण और केमिकल की वजह से आती है।
पावर मिक्स और हेयर स्पा
डैमेज बालों को नया जीवन देने में इसका इस्तेमाल होता है। इसे डीप कंडीश्नर भी कहते हैं। इसमें नेचुरल केमिकल को जड़ों की बजाय बालों में लगाकर 10 से 15 मिनट तक छोड़ देते हैं। फिर उसी केमिकल का मास्क बालों में लगाकर 10 मिनट का इंतजार करते हैं। फिर उसे धोने के बाद उसे प्राकृतिक रूप से सूखने देते हैं।
20 से 25 दिन में लगातार महीने में इस प्रक्रिया के दोहराने से फर्क नजर आने लगता है। हेयर स्पा का इस्तेमाल एंटी डैंड्रफ और सेंसटिव जड़ों को मजबूती में देने में किया जाता है। इस प्रक्रिया में बालों को धोने के बाद केमिकल मास्क का प्रयोग कर लगभग 30 मिनट का मसाज देते हैं। ये मसाज जड़ों में दी जाती है। उसके बाद पांच मिनट का स्टीम देकर हेयर वॉश करते हैं। इसे भी 25 से 30 दिन के दौरान एक बार कराने से फायदा नजर आने लगता है।
इन समस्याओं की ज्यादा शिकायत
गर्ल्स को इन दिनों बालों से संबंधित, जो समस्याएं सबसे ज्यादा आ रही है, उनमें ड्राई हेयर, डैमेज हेयर, अनसुलझे बाल, ब्रेकेज, डैंड्रफ, बालों का टूटना व ड्राई स्किन जैसी बीमारियां शामिल है। हेयर एक्सपर्ट रेनू का कहना है कि फैशन और हेयर लुक की मैचिंग में केमिकल का ज्यादा इस्तेमाल ऐसी समस्याओं के लिए जिम्मेदार हैं।
ट्रीटमेंट के साथ बेहतर डाइट होनी चाहिए
सेंटर के ऑनर व हेयर एक्सपर्ट सनी का कहना है कि बालों की देखभाल के साथ ही डाइट का भी बेहद अहम रोल है। हेल्दी बालों के लिए प्रोटीन युक्त डाइट बेहद जरूरी है। पर्याप्त पानी भी बालों के लिए बहुत फायदेमंद होता है। खासतौर पर कॉलेज गोइंग गर्ल्स इन चीजों की ओर ध्यान नहीं देती, इसलिए उन्हें ज्यादा परेशानी होती है।