एचएसएससी ने सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि इन पदों के लिए होने वाली लिखित परीक्षा हेतु वे अपने-अपने जिलों में परीक्षा केंद्रों की सूची तैयार करें। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर तमाम तैयारियों को भी मुक्कमल करें।
इन केंद्रों पर फर्नीचर, पंखा, बिजली, वॉशरूम इत्यादि की पूरी व्यवस्था हो। कमीशन ने सभी जिलों के उपायुक्तों को यह भी निर्देश दिया है कि वह अपने-अपने जिलों में इसी के मद्देनजर संबंधित विभागों के अफसरों की बैठक लेकर अपनी कार्ययोजना से एचएसएससी को अवगत भी करवाएं।
सूत्रों के अनुसार इन पदों के लिए कमीशन 20 जुलाई से लेकर 20 अगस्त तक सभी लिखित परीक्षाएं संपन्न करवाकर जल्द रिजल्ट घोषित करना चाहता है, ताकि जल्द इंटरव्यू प्रोसेस पूरा कर युवाओं को चुनाव से पहले नौकरियां मिल सकें।
कमीशन ने उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड के 49 जेई, मौलिक शिक्षा विभाग के 778 टीजीटी (ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर), पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग के विभिन्न वर्ग के257 कर्मचारियों, ग्रुप डी के 249 कर्मचारियों, 6400 पुलिस कर्मियों, लैंड एंड रिकॉर्ड डिपार्टमेंट के 588 पटवारियों, सिंचाई विभाग के 1100 कनाल पटवारियों, ग्रामीण एवं विकास विभाग के 697 ग्राम सचिवों, सिंचाई विभाग के 1624 जूनियर इंजीनियरों और ग्रुप सी के 4858 क्लर्कों के पद के लिए आवेदन मांगे हुए हैं।
डीसी प्लानिंग तैयार करने में जुटे
एचएसएससी के निर्देशों के बाद सभी जिलों के डीसी ने अपने-अपने जिलों में संबंधित विभाग के अफसरों के साथ 27 जून को बैठकें ले ली हैं। कई बैठकों में तो एचएसएससी के सदस्य भी मौजूद रहें। ये परीक्षाएं कैसे सौर्हाद पूर्ण माहौल में संपन्न करवाई जाएगी, इसके लिए उपायुक्तों ने ठोस कार्ययोजना पर चर्चा कर ली है, जिसे जल्द फाइनल कर एचएसएससी को भेजा जाएगा। शांति पूर्व लिखित परीक्षाएं संपन्न कराने में शिक्षा और पुलिस महकमे को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।