चंडीगढ़। विश्व फोटोग्राफी दिवस पर ट्राइसिटी फोटो आर्ट सोसाइटी चंडीगढ़ (तपस) ने मंगलवार को एक वेबिनार का आयोजन किया। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने वार्षिक फोटो प्रदर्शनी 'दृष्टि -2020' का आगाज किया। इसका उद्घाटन प्रख्यात फोटोग्राफर व फेडरेशन ऑफ इंडियन फोटोग्राफी के महासचिव डॉ. बरुण सिन्हा ने किया।
यह ऑनलाइन प्रदर्शनी 20 अगस्त तक आयोजित की जाएगी। इस प्रदर्शनी में 27 फोटोग्राफरों ने 135 कलाकृतियों को प्रस्तुत किया। इन छायाकारों को तपस ने विशेष उपाधियां देकर सम्मानित किया। वेबिनार में मुख्यातिथि के रूप में फेडरेशन ऑफ इंडियन फोटोग्राफी के उप प्रधान अदित अग्रवाल मौजूद रहे। उन्होंने स्लाइड शो के माध्यम से अपनी कलाकारी पेश की। वहीं साईपस की छायाकारा बुकेट ओजाते ने ट्रैवल फोटोग्राफी व आर्किटेक्चर पर अपनी प्रस्तुति दी। तपस के प्रधान विनोद चौहान व प्रदर्शनी संचालक प्रवीण जग्गी ने बताया कि तपस पिछले 6 वर्षों से विश्व फोटोग्राफी दिवस पर फोटो प्रदर्शनी का आयोजन करता आ रहा है।