माउंट एवरेस्ट और उसके आसपास के खूबसूरत नजारों को देखना चाहते हैं तो आपको खर्च करने होंगे सिर्फ ग्यारह हजार रुपये। यह सैर होगी एक हेलीकॉप्टर से, जो माउंट एवरेस्ट के एकदम पास से उड़ेगा। आपको एक-एक चोटी के बारे में बताने के लिए उसमें गाइड भी होंगे। यह कहना है नेपाल टूरिज्म बोर्ड के लीला बहादुर बनिया का।
वह नेपाल बिजनेस मिशन के अंतर्गत चंडीगढ़ के होटल जेडब्लू मैरियट में आए थे। यहां उन्होंने बताया कि नेपाल में माउंट एवरेस्ट पर ट्रैकिंग के लिए कई साहसी लोग आते हैं। नेपाल में काठमांडू सबसे ज्यादा प्रसिद्ध जगह है। भारत से प्रतिवर्ष डेढ़ लाख से ज्यादा विजिटर्स हवाई मार्ग से नेपाल जाते हैं।
उन्होंने बताया कि नेपाल में ट्रेकिंग, एडवेंचर के साथ ही जंगल बेहतरीन विकल्प हैं। नेपाल सरकार तेजी से देश के कुछ रमणीक स्थलों को और बेहतर बनाने की कोशिश कर रही है। वैसे नेपाल माउंट एवरेस्ट के लिए जाना जाता है, लेकिन इसके अलावा भी वहां बहुत कुछ देखने योग्य है।