हरियाणा के लिए एसवाईएल का पानी लाने की लड़ाई सभी राजनीतिक दल मिलकर लड़ेंगे। हरियाणा निवास में वीरवार को सर्वदलीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में दोपहर 12.30 बजे शुरू हुई बैठक लगभग डेढ़ घंटे चली।
इसमें एसवाईएल पर सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आने के बाद उपजे हालात और पंजाब विधानसभा में सरकार के निर्णयों और पारित प्रस्तावों पर गहन चर्चा की गई। बैठक के बाद सीएम मनोहर लाल ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और नेता प्रतिपक्ष की मौजूदगी में बताया कि सर्व सहमति से राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सर्वदलीय प्रतिनधिमंडल के मिलने का निर्णय लिया गया है।
सभी दलों ने समय लेने के लिए उन्हें अधिकृत किया है। प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मुलाकात कर एसवाईएल पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को लागू कराने की मांग करेगा। सभी बिंदुओं पर खुलकर चर्चा हुई है और सभी ने अपनी-अपनी राय दी।
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के मुलाकात करने का प्रस्ताव भी पारित किया है। वे जल्दी मिलने का समय लेने की कोशिश करेंगे। सर्वोच्च न्यायालय के निर्णयों के बाद पंजाब सरकार का कोई भी फैसला या प्रस्ताव मायने नहीं रखता।
एक तो चोरी ऊपर से सीनाजोरी : हुड्डा
bhupinder singh hudda
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पंजाब एक तो चोरी ऊपर से सीनाजोरी कर रहा है। हरियाणा से पानी का बिल मांगने के बजाय किसानों के आर्थिक नुकसान का मुआवजा देना चाहिए।
विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने का अभी निर्णय नहीं लिया गया है। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद अगर जरूरत महसूस हुई तो दोबारा सर्वदलीय बैठक होगी, उसमें फैसला लेंगे।
अकाली दल और बसपा ने काटी कन्नी
सर्वदलीय बैठक में हरियाणा से अकाली दल के एकमात्र विधायक बलकौर सिंह, अकाली दल के अध्यक्ष चरणजीत सिंह सोथा, बसपा विधायक टेकचंद शर्मा और बसपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश सारनशामिल नहीं हुए।
संसदीय कार्य मंत्री रामबिलास शर्मा विदेश में होने व कैप्टन अभिमन्यु दिल्ली में कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण भाग नहीं ले पाए। रामबिलास की जगह परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवारशामिल हुए।
इसमें एडवोकेट जरनल बलदेव राज महाजन ने हिस्सा लिया। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के अलावा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर, कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी, इनेलो प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला और निर्दलीय विधायक जयप्रकाश जेपी उपस्थित रहे।