विदेश में वर्क वीजा लगवाने के नाम पर दो जालसाजों ने पंजाब के रोपड़ जिले के रहने वाले सात युवकों को पांच लाख रुपये की चपत लगा दी। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
आरोपी की पहचान बुड़ैल निवासी दिनेश के रूप में हुई है। वह बुड़ैल में ही प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। जबकि उसका एक साथी रविंद्र भाटिया फरार है। रोपड़ निवासी हरनीश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उसके दोस्त विदेश जाना चाहते थे। 2015 में उनकी मुलाकात बुड़ैल निवासी और प्रॉपर्टी डीलर रविंद्र भाटिया और दिनेश कुमार से हुई।
प्रॉपर्टी डीलर रवि भाटिया ने उन्हें बताया कि उनकी विदेश में अच्छी जान पहचान है और वह दुबई में युवकों का वर्क वीजा लगवा देगा। उसने कागजी कार्रवाई के लिए हर एक युवक से करीब 70 से 80 हजार रुपये पिछले साल अक्तूबर में लिए थे। पीड़ितों से रुपये लेने के बाद न तो उनका वर्क वीजा लगा और न ही पैसे वापस किए गए।
काफी कहने के बाद जब युवकों के पैसे नहीं मिले तो उन्होंने दोनों के खिलाफ सेक्टर-34 पुलिस स्टेशन में ठगी का केस दर्ज करवा दिया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद दिनेश को बुडै़ल से गिरफ्तार कर लिया, जबकि रविंद्र भाटिया अब तक पुलिस के हाथ नहीं आया है।