अमृतसर के बाद पटियाला में कोरोना वायरस का एक नया संदिग्ध केस सामने आया है। फिलहाल यह मरीज सरकारी राजिंदरा अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में दाखिल है। उसकी रिपोर्ट अभी दिल्ली से आनी है, जबकि दो संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव रही है। जिसके बाद इन दोनों संदिग्धों को राजिंदरा अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल में साउथ कोरिया से लौटे एक व्यक्ति को दाखिल कराया गया था। यह व्यक्ति पटियाला के निकटवर्ती कस्बा बहादुरगढ़ का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक यह व्यक्ति जुकाम व बुखार होने पर दवा लेने एक निजी चिकित्सा संस्थान गया था, वहीं से राजिंदरा अस्पताल भेजा गया।
लेकिन इस संदिग्ध मरीज के ब्लड सैंपल की जांच रिपोर्ट नेगेटिव रही है। इसी तरह से दुबई से लौटे एक संदिग्ध मरीज की ब्लड सैंपल रिपोर्ट भी नेगेटिव रही है। जिस कारण इन दोनों संदिग्ध मरीजों को राजिंदरा अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। लेकिन एक नया संदिग्ध मरीज सामने आया है। जो फिलहाल सरकारी राजिंदरा अस्पताल में दाखिल है। इसकी जांच रिपोर्ट का दिल्ली से आने का इंतजार है।