चंडीगढ़। सेक्टर-10 में बीते रविवार को बाथरूम में फंदे से लटकते मिले ऑटो पार्ट्स कारोबारी के आत्महत्या को पुलिस संदिग्ध मान रही है। पुलिस ने घर के नौकरों से पूछताछ की है। सोमवार को गवर्नमेंट मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल (जीएमएसएच) सेक्टर-16 में अमृत सिंह का कोरोना सैंपल लिया गया।
पुलिस का कहना है कि कोरोना की रिपोर्ट आने के बाद शरीर की जांच की जाएगी कि कहीं कोई निशान तो नहीं है। सूत्रों के अनुसार परिजनों ने भी अमृत सिंह की मौत पर शक जताया है। पुलिस जांच में सामने आया कि अमृत सिंह के घर पर तीन नौकर काम करते हैं। पुलिस अब उन सभी से पूछताछ कर रही है। फिलहाल, हत्या के कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ हो पाएगा। सेक्टर-3 थाना पुलिस सीआरपीसी 174 के तहत छानबीन कर रही है।
बता दें कि अमृत सिंह पिछले काफी समय से परिवार के साथ नई दिल्ली के राजेंद्र नगर में रह रहे थे। उनका छोटा बेटा अमेरिका और बड़ा बेटा चंडीगढ़ के सेक्टर-10 में रहता है। उनका दिल्ली और मोहाली में ऑटो पार्ट्स का बड़ा कारोबार है। वह करीब 10 दिन पहले सेक्टर-10 स्थित मकान नंबर 545 में बड़े बेटे देवेंद्र थापर के घर आए थे।
रविवार की सुबह वह बाथरूम गए, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकले तो किसी तरह बेटे ने दरवाजा खोला। इस दौरान अमृत सिंह बाथरूम में सीलिंग फैन से पग के सहारे फंदे से लटके हुए थे। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने फौरन जीएमएसएच सेक्टर-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस की जांच में यह भी पता चला था कि अमृत सिंह अक्सर फोन पर दोस्तों से देश दुनिया में लॉकडाउन के बारे में बात करते रहते थे। इसके चलते वह काफी परेशान रहते थे।