पूर्व विधायक समेत दर्जन भर नेताओं ने थामा कांग्रेस का दामन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। कांग्रेस एससी सेल के प्रदेश अध्यक्ष सुशील इंदौरा ने बुधवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता व विधायक मौजूद रहे। सभी ने सुशील इंदौरा को शुभकामनाएं दीं।
हुड्डा ने इंदौरा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने के लिए आलाकमान का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि चौधरी उदयभान के साथ पार्टी को इंदौरा के रूप में एक और मजबूत पदाधिकारी मिले हैं, जो गरीब, मजदूर, दलित व कमेरे वर्ग की आवाज मजबूती से उठाने में सक्षम हैं।
इस दौरान दर्जन भर नेताओं ने कांग्रेस ज्वाइन की। पटौदी से पूर्व विधायक रामबीर सिंह ने आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। आप के गुड़गांव किसान सेल के अध्यक्ष विजयपाल यादव, धानक समाज उत्थान संघ की अध्यक्ष कृष्णा दुग्गल और आप करनाल की महासचिव गुरविंदर कौर ने भी कांग्रेस का दामन थामा। इनके अलावा सुषमा मक्कड़, ममता मलिक, खन्नूर सिंह, इंदरजीत सिंह, विकास कपूर, जजपा छोड़कर सरजूमल समेत कई नेताओं ने भी कांग्रेस ज्वाइन की।