चंडीगढ़। सेक्टर-19/20 की विभाजित सड़क पर एक तेज रफ्तार ऑटो पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो को गंभीर चोटें आई हैं। हैरत की बात है कि 12 दिन पहले भी यही सवारी ऑटो के पलटने से घायल हो गया था, लेकिन अब दूसरी बार हादसा होने से उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान धनास निवासी विनोद कुमार (50) के रूप में हुई है, जोकि सेक्टर-26 स्थित ग्रेन मंडी से सब्जी खरीदकर अलग अलग जगहों पर बेेचने का काम करता है। सेक्टर-19 थाना पुलिस ने धनास के ईडब्यूएस निवासी ऑटो चालक परवेज के खिलाफ आईपीसी की धारा 304/ए (गैर इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्जकर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
हादसा रविवार तड़के करीब साढ़े बजे का है। पुलिस को दी शिकायत में मुन्ना लाल ने बताया कि वह धनास का रहने वाला है। वह सेक्टर-26 स्थित सब्जी मंडी में मजदूरी का काम करता है। रोजाना की तरह सुबह वह ऑटो को किराया पर लेकर मंडी जाने के लिए बैठा। इस दौरान ऑटो में पहले से ही सात से आठ सवारियां बैठी थी। सेक्टर-19/20 की विभाजित सड़क जामा मस्जिद के पास पहुंचने पर चालक तेज रफ्तार में ऑटो को लापरवाही से चलाने लगा। इस दौरान ऑटो पलट गया जिससे मुन्ना लाल, चालक परवेज और विनोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने विनोद को मृत घोषित कर दिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि विनोद पत्नी, दो बेटियां और एक बेटे के साथ रहता था। फिलहाल पुलिस ने शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है, जहां सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
बॉक्स
6 जुलाई को हुआ था हादसा
बता दें कि बीते 6 जुलाई की सुबह विनोद धनास से ऑटो में सवार होकर सेक्टर-26 सब्जी लेने जा रहा था। ऑटो में उसके अलावा महिला समेत चार अन्य सवार थे। धनास लेक के पास ऑटो पहुंचा तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार टिप्पर ने टक्कर मार दी थी जिससे ऑटो पलट गया था। हादसे में दादी पोते की मौत हो गई थी। जबकि विनोद को गंभीर चोटें आई थी, हालांकि बाद में विनोद को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। इसके बाद से वह दोबारा से अपने काम धंधे पर गया था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।